बांदा : उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के बिसंडा थाना क्षेत्र में बुधवार को पुलिस ने एक अवैध असलहा बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने पत्रकारों को बताया कि बुधवार को अवैध शस्त्र निर्माण फैक्ट्री होने की सूचना पर पुलिस ने बिसण्डी गांव में छापा मारा। जहां गांव के ही अमर वर्मा द्वारा अवैध निर्माण की फैक्ट्री संचालित थी। मकान में दबिश के दौरान मौके पर फैक्ट्री संचालक अमर वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया और फैक्ट्री से पांच निर्मित , तीन अर्द्ध निर्मित तमंचे , बडे़ पैमाने पर शस्त्र बनाने के उपकरण व खाली तथा जिंदा कारतूस आदि बरामद किए गए।
उन्होंने बताया कि फैक्ट्री से निर्मित अवैध असलहे सीमावर्ती जनपद व मध्य प्रदेश की सीमावर्ती जनपद में 5 से 6 हजार रुपए की कीमत लेकर बेचे जा रहे थे। बिके हुए असलहों की भी जांच सख्त कार्रवाई हेतु शुरू की गई। साथ ही फैक्ट्री संचालक पर गैंगस्टर की कार्रवाई कर उसकी अवैध संपत्तियों की जांच कर उन्हें सीज किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने पत्रकार वार्ता में इस अवैध फैक्ट्री को बरामद करने वाली पुलिस टीम को 25000 रूपये का इनाम देने की घोषणा भी की।
अवैध असलहा फैक्ट्री का भंड़ाफोड़
