महराजगंज : उत्तर प्रदेश में महराजगंज जिले के कोल्हुई क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मैरिज हाउस की छत गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई है जबकि कई अन्य घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बुधवार देर शाम करीब साढ़े तीन बजे मैरिज हाउस की छत ढह गई। दो दिन पहले ही लेंटर डाला गया था। शटरिंग लूज होने के चलते यह हादसा हुआ है। दो मजदूरों के शव निकाले गए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल भेजा है।
उन्होने बताया कि मृतकों की पहचान नीरज (20) निवासी बेलवा खुर्द और दूसरा पिपरा परसीनी निवासी ऐश कुमार (25) के रूप में हुई है। संतोष पासवान, सुदर्शन, गौतम, रविन्द्र और अजय गिरी गम्भीर रूप से घायल हैं। इन्हें जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस कर्मियों के अलावा फायर ब्रिगेड टीम के कर्मी रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं। अंधेरे के चलते बचाव एवं राहत कार्य में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिलाधिकारी अनुनय झा ने कहा, “ राम अवतार प्रजापति एक मैरिज हॉल का निर्माण करवा रहे थे। इसी मैरिज हॉल की नवनिर्मित छत ढह गई है। इसका कुछ दिन पहले ही निर्माण हुआ था, सटरिंग लगी हुई थी। जैसे ही हादसे की सूचना मिली, बचाव एवं राहत कार्य शुरू कर दिया गया। अभी तक आठ लोगों का रेस्क्यू किया गया है।
दो लोगों की मौत हुई है। पांच लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, इन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।” उन्होने कहा, “ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लिया गया है। उनके निर्देशानुसार सघन रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची है। मलबा हटाया जा रहा है। हादसा कैसे हुआ। यह जांच का विषय है।
