झुंझुनूं : राजस्थान में झुंझुनूं जिले के चिड़ावा थाना क्षेत्र में गुरुवार को कार के पेड़ से टकरा जाने से दो लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। थानाधिकारी विनोद सामरिया ने बताया कि हरियाणा में रोहतक जिले निवासी मोनू (40), मिंटू (39), जोगेंद्र और राजेंद्र सीकर में कार के इंजन की सर्विस कराने के लिए रोहतक से आज सुबह रवाना हुए और राजस्थान में झुंझनूं जिले के चिड़ावा से करीब तीन किलोमीटर ही निकले थे कि सामने अचानक मवेशी आ जाने से उनकी कार अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार हुई कि कार में रखा इंजन 50 मीटर दूर जाकर गिरा और कार पूरी तरह पिचक गई। कार में फंसे इन युवकों को राहगीरों ने काफी मशक्कत से बाहर निकाला और चिड़ावा अस्पताल में भर्ती कराया जहां मोनू और मिंटू ने दम तोड़ दिया जबकि गंभीर रुप से घायल जोगेंद्र और राजेन्द्र को झुंझुनूं भेज दिया गया।
कार पेड़ से टकराई : दो की मौत, दो घायल
