सुपौल : सशस्त्र सीमा बल (एस एस बी) ने भारत-नेपाल सीमा से लगे सीमा चौकी भीमनगर ने बांग्लादेश के नागरिक को अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने के जुर्म में गिरफ्तार किया है । बल के 45वीं बटालियन के कार्यवाहक कमांडेंट जगदीश कुमार शर्मा ने आज यहां बताया कि सीमा चौकी भीमनगर के क्षेत्र में सीमा स्तम्भ संख्या 206/05 के पास एक पारंपरिक मार्ग है। इस मार्ग पर सीमा चौकी द्वारा अस्थाई पोस्ट स्थापित कर 24 घंटे ड्यूटि तैनात रहती है । इस क्रम में गुरुवार को नाका में तैनात कार्मिकों को एक व्यक्ति भारत से नेपाल जाता दिखा ।
नाका दल द्वारा उस व्यक्ति को रोककर पूछताछ की गई । पूछताछ के क्रम में व्यक्ति की भाषा एवं हाव भाव संदेहास्पद लगा । इसके उपरांत नाका दल द्वारा उक्त व्यक्ति की तलाशी ली गई तलाशी के क्रम में उक्त व्यक्ति के पास जो पहचान पत्र मिला जिस पर बांग्लादेशी सरकार की मुहर थी ।साथ ही व्यक्ति के पास बांग्लादेश रेलवे की कुछ टिकट पाई गई । जिससे यह पता चला कि व्यक्ति ने बांग्लादेश से सिल्लीगुड़ी के रास्ते भारत में प्रवेश किया था एवं आज नेपाल जाने के क्रम में पकड़ा गया ।
श्री शर्मा ने बताया कि प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर पकड़े गए व्यक्ति की पहचान मन्ना के रूप में की गयी है जो बांग्लादेश के नारायणगंज जिले का रहने वाला है । आवश्यक कागजी कार्यवाही के उपरांत गिरफ्तार किए गए सुपौल जिला पुलिस को सौंप दिया गया है।
