नई दिल्ली : कोयला, बिजली, उर्वरक, प्राकृतिक गैस, रिफाइनरी उत्पाद और इस्पात क्षेत्र के मजबूत प्रदर्शन की बदौलत इस वर्ष नवंबर में देश के आठ बुनियादी उद्योगों (आईसीआई) के संयुक्त उत्पादन में इसके पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 7.8 प्रतिशत (अनंतिम) की बढ़ोतरी हुई है।
वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को जारी रिपोर्ट में कहा गया है, “आठ प्रमुख उद्योगों (आईसीआई) का संयुक्त सूचकांक नवंबर 2022 के सूचकांक की तुलना में नवंबर 2023 में 7.8 प्रतिशत (अनंतिम) बढ़ गया।” कोयला, बिजली, उर्वरक, प्राकृतिक गैस, रिफाइनरी उत्पादों और स्टील के उत्पादन में नवंबर 2023 में साल-दर-साल सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई। हालांकि नवंबर 2023 में कच्चे तेल और सीमेंट का उत्पादन घटा है।
अगस्त 2023 के लिए आठ प्रमुख उद्योगों के सूचकांक की अंतिम वृद्धि दर को संशोधित कर 13.4 प्रतिशत कर दिया गया है। अप्रैल से नवंबर, 2023-24 के दौरान आईसीआई की संचयी वृद्धि दर पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 8.6 प्रतिशत (अनंतिम) है।
समीक्षाधीन अवधि में सीमेंट उत्पादन 3.6 प्रतिशत कम हो गया। अप्रैल से नवंबर, 2023-24 के दौरान इसका संचयी सूचकांक पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 10.3 प्रतिशत बढ़ गया। इसी तरह कच्चे तेल के उत्पादन में 0.4 प्रतिशत की कमी हुई है।
इस दौरान कोयला उत्पादन 10.9 प्रतिशत, बिजली उत्पादन 5.6 प्रतिशत, उर्वरक उत्पादन 3.4 प्रतिशत, प्राकृतिक गैस का उत्पादन 7.6 प्रतिशत, पेट्रोलियम रिफाइनरी उत्पादन 12.4 प्रतिशत और इस्पात के उत्पादन में 9.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
आठ कोर उद्योगों का उत्पादन नवंबर में बढ़ा
