अगरतला : राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने त्रिपुरा पुलिस की खुफिया शाखा की ओर से साझा किये गये इनपुट के आधार पर मानव तस्करों, ड्रग डीलरों और सीमा दलालों के खिलाफ शनिवार को दूसरे दिन भी त्रिपुरा में अपनी कार्रवाई जारी रखी। सूत्रों ने आज यहां यह जानकारी दी। त्रिपुरा पुलिस ने अब तक सीमा अपराध में शामिल 156 लोगों की सूची एनआईए के साथ साझा की है।
एनआईए टीम और त्रिपुरा पुलिस ने एक संयुक्त अभियान में शुक्रवार को तीन जिलों के चार थाना क्षेत्रों की सीमाओं से कम से कम छह लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों की पहचान सिपाहीजला के सोनामुरा के मोहम्मद फारुक हुसैन (25), सुमन त्रिपुरा (33) और कोंगफ्रू मोग (32), दक्षिण त्रिपुरा के बेलोनिया के अमलेश दास (40), उनोकोटी जिले के ईरानी के नसीम अली (60) और उनके बेटे रूबेल अली (36) के रुप में की गयी है।
भारतीय शहरों में रोहिंग्या और बंगलादेश के नागरिकों की अवैध घुसपैठ, नशीले पदार्थों की तस्करी और वर्जित वस्तुओं के अवैध व्यापार में उनकी संलिप्तता के लिये इस साल अक्टूबर में असम में दर्ज मामले के सिलसिले में उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर गुवाहाटी ले जाया जायेगा। एनआईए ने इससे पहले नवंबर में त्रिपुरा के विभिन्न सीमावर्ती स्थानों से 29 लोगों को गिरफ्तार किया था। इनका मुकदमा गुवाहाटी की विशेष एनआईए अदालत में चल रहा है। एनआईए की जांच से पता चला कि गिरफ्तार किये गये व्यक्ति भारत-बंगलादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा के करीब स्थित थे और पिछली गिरफ्तारी से जुड़े हुये थे।
मानव तस्करों के खिलाफ एनआईए की कार्रवाई जारी
