जयपुर : राजस्थान में एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने जोधपुर में 25 हजार के एक इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (क्राइम एंड एजीटीएफ) दिनेश एमएन ने बताया कि अनिल विश्नोई (40) निवासी विश्नोईयां की ढाणी, जालेली फौजदार थाना डांगियावास जिला जोधपुर को पकड़ा गया है। आरोपी राजसमंद जिले के थाना चारभुजा में चार साल से वांछित था।
श्री एमएन ने बताया कि बदमाश अनिल लॉरेंस विश्नोई द्वारा संचालित सोपू गैंग का सक्रिय गुर्गा है। इसने अपने दाहिने बाजू पर सोपू गैंग का टैटू भी गुदा रखा है। इस गैंग के विरुद्ध आर्म्स, एनडीपीएस एक्ट, हत्या, हत्या का प्रयास तथा रंगदारी के राज्य के विभिन्न स्थानों में कई प्रकरण दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि इस बदमाश की गिरफ्तारी के लिए राजसमंद पुलिस अधीक्षक द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था। एक सूचना पर बदमाश अनिल को शनिवार रात जोधपुर में माता का थान इलाके में किसी का इंतजार करते समय दबोच लिया गया।
एजीटीएफ ने पकड़ा इनामी बदमाश
