गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

हिमाचल में आग का कोहराम

जुब्बल में सात घर जलकर राख

शिमला : हिमाचल की राजधानी शिमला के जुब्बल के गांव परौंठी में रविवार देर रात आग ने कोहराम मचा दिया। आग से करीब सात घर राख हो गए। अग्निकांड की चपेट में आये सभी घर लकड़ी के बने हुए थे। आग की इस घटना में भारी नुकसान हुआ है। गनीमत यह रही कि कोई हताहत नहीं हुआ।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रात्रि करीब एक बजे परौंठी गांव में आग ने एक घर को चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण किया और सात घर आग की जद में आ गए। घटना के समय अधिकांश घरों में कोई मौजूद नहीं था। इस वजह से किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ। गांव वालों की सूचना पर जुब्बल, कोटखाई, रोहड़ू और चिडग़ांव से आधा दर्जन दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। लाखों का नुकसान हुआ है।
तब तक हालांकि आग घरों को पूरी तरह अपनी जद में ले चुकी थी। कई परिवारों को घरों से सामान भी बाहर करने का मौका नहीं मिला। इस घटना में लगभग 70 कमरे राख हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक विनय पांटा, ईश्वर पांटा, देवेंद्र पांटा, योगिंदर पांटा, वीरेंद्र पांटा, बसंत पांटा, और अजय पांटा के घर आग की भेंट चढ़ गए। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और वन विभाग मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *