बागपत : उत्तर प्रदेश में बागपत के जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद के सभी मंदिरों व धार्मिक स्थलों पर राम भजन व कीर्तन कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बैठक में कहा कि 14 से 22 जनवरी तक सभी मंदिरों में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा जनपद के सभी मंदिरों में अनिवार्य रूप से सुंदरकांड अनिवार्य है और ऐतिहासिक मंदिरों में पूर्ण तरीके रामचरितमानस का पाठ किया जाएगा। सभी नगर निकाय क्षेत्रों में राम यात्रा, कलश यात्रा का भी भव्य आयोजन किया जाए।
यह कार्यक्रम महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित विश्व प्रसिद्ध महाकाव्य रामायण की रचना श्रीराम की जीवनगाथा पर आधारित है। इस महाकाव्य में श्रीराम के नैतिक, सामाजिक एवं मानव मूल्यों की स्थापना का आदर्श प्रस्तुत किया गया है, जो वर्तमान समय में अत्यधिक प्रासंगिक एवं महत्वपूर्ण है। इस विश्वप्रसिद्ध अमूर्त धरोहर का संरक्षण एवं जनमानस तक इसकी जानकारी पहुंचाना हम सबका उत्तरदायित्व है।
उन्होंने कहा कि अयोध्या में नव निर्मित श्रीराम मंदिर निर्माण समाज व देश में जन-जन तक इन्हीं संस्कारों, आदर्शों, प्राचीन परम्पराओं एवं नैतिक मूल्यों की स्थापना की ओर अग्रणी कदम हैं। श्रीराम की जन्मभूमि, अयोध्या के इस मंदिर से जन मानस का बेहद करीबी लगाव रहा है। श्रीराम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर सम्पूर्ण जनपद में दिनांक 14 जनवरी से 22 जनवरी तक प्रदेश के समस्त राम मंदिरों, हनुमान मंदिरों, वाल्मीकि मंदिरों आदि में रामकथा, रामायण-पाठ, भजन कीर्तन आदि सांस्कृतिक कार्यक्रम कराए जाएंगे। इस संबंध में जिलाधिकारी ने समस्त अधिकारियों से मंदिरों की सूची उपलब्ध कराई जाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक मंदिर में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।नगर निकायों में नगर संकीर्तनों का आयोजन किया जाये, जिसमें स्थानीय भजन कीर्तन मण्डलियों को सम्मिलित करते हुए नगरों में राम मंदिर रथ एवं कलश यात्राओं का आयोजन किया जाये।जिलाधिकारी ने नोडल अधिकारी को समस्त मंदिरों की सूची उपलब्ध कराई जाने के निर्देश दिए। मंदिरों में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए जिलाधिकारी ने नोडल अधिकारी जिला विकास अधिकारी हरेंद्र सिंह को बनाया है और सहायक के रूप में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ए के त्रिपाठी होंगे।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी पंकज वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी नीरज कुमार श्रीवास्तव, जिला विकास अधिकारी हरेंद्र सिंह, जिला युवा अधिकारी अरुण तिवारी, जिला पंचायत राज अधिकारी अमित त्यागी सहित समस्त अधिशासी अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
