उज्जैन : मोहन यादव ने आज सुबह यहां नगर के विभिन्न आश्रमों का भ्रमण किया। उन्होंने गौमाता को चारा भी खिलाया। इसके पूर्व कल देर रात्रि उज्जैन पहुंचने पर फुटपाथ पर विश्राम कर रहे नागरिकों को कंबल वितरित किए। यादव ने सुबह संत बाल योगी उमेश नाथ जी महाराज के आश्रम पहुंचकर उनसे सौजन्य भेंट की। बाल्मिकी धाम में समाधि के दर्शन भी किए। मुख्यमंत्री ने इसके पश्चात भृर्तहरि गुफा पहुंचकर महंत रामनाथ जी से भेंट की। उन्होंने पूजा अर्चना के पश्चात गौशाला में गायों को चारा खिलाया। डॉ यादव भैरवगढ़ केन्द्रीय जेल परिसर पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री कल देर रात उज्जैन पहुंचे। यहां उन्होंने चामुंडा चौराहा पर ठंड में ठिठुरते हुए बुजुर्गों को कंबल बांटे। इसके बाद देवास गेट बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर वहां मौजूद यात्रियों को उन्होंने जब ठंड में ठिठुरते देखा तो उनसे बातचीत की और उन्हें कंबल वितरित किए। डॉ यादव ने राजधानी भोपाल में भी कुछ दिन पूर्व रैन बसेरों और शहर के विभिन्न हिस्सों में शीतकाल में फुटपाथ पर रात बिता रहे निर्धन लोगों से मुलाकात की थी और उन्हें कंबल वितरित किए थे। ऐसे नागरिकों को ठंड से बचाने के लिए आवश्यक सहयोग के लिए प्रशासन को निर्देश भी दिए।
मोहन यादव ने ठंड में ठिठुरते लोगों को दिया सहारा
