शिमला : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में फोरलेन निर्माणाधीन पुल के सरियों पर कार गिर गई जिसमें दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक अन्य घायल हुआ है। पुलिस के मुताबिक चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर सात मील के समीप कार अनियंत्रित होकर फोरलेन के निर्माणाधीन पुल के लिए खड़े किए सरियों पर जा गिरी। हादसे में तीन लोग घायल हुए थे जिनमें से उपचार के दौरान दो की मौत हो गई है, जबकि एक अस्पताल में उपचाराधीन है।
मिली जानकारी के अनुसार राजस्थान की कार पर सवार तीन लोग मनाली की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान सात मील के पास पहुंचते ही कार अनियंत्रित होकर निर्माणाधीन पुल के कोने पर खड़े किए सरियों पर जा गिरी। स्थानीय लोगों द्वारा घटना का पता चलते ही तुरंत प्रभाव से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
तीनों घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला व सड़क तक पहुंचाया गया। एम्बुलेंस के माध्यम से जोनल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान दो की मृत्यु हो गई जबकि एक घायल बताया जा रहा है। सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सकीनी कपूर ने बताया कि उपचार के बाद आगामी कार्रवाई शुरू की जाएगी। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
