रायसेन : मध्यप्रदेश के रायसेन जिले के हकीमखेड़ी के वन क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित पत्थर खदानों को बंद कराने गए डिप्टी रेंजर पर हमले की तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन फरार है जिनकी तलाश की जा रही है। वहीं आज अवैध रूप से संचालित इन खदानों को बंद कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक विकाश शहवाल ने बताया कि इस घटना में पुलिस द्वारा छह नामजद आरोपियों के विरुद्ध 307 सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष फरार तीन आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इनके अतिरिक्त वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार करने की कार्रवाई भी की जा रही है।
जिला कलेक्टर अरविंद दुबे ने बताया कि सुबह प्रशासनिक, पुलिस और वन विभाग के अधिकारी दो दर्जन से अधिक जेसीबी के साथ हकीमखेड़ी पहुंचे तथा यहां वन क्षेत्र में संचालित अवैध पत्थर खदानों को बंद करने की कार्रवाई की। साथ ही खनन किए गए पत्थरों को भी नष्ट किया गया और खदानों तक पहुंचने वाले सभी मार्गों को बंद कर दिया गया। कल इन अवैध खदानों के पहुंच मार्गों को बंद करने गए वन विभाग के अमले पर अवैध उत्खनन कर्ताओं द्वारा जानलेवा किया गया था, जिसमें डिप्टी रेंजर लाल सिंह पूर्वी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका एम्स भोपाल में उपचार किया जा रहा है।
डिप्टी रेंजर पर हमले की तीन आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार
