भोपाल : ओम बिरला मंगलवार को यहां मध्यप्रदेश की नवगठित सोलहवीं विधानसभा के सदस्यों के दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कल यानी मंगलवार से प्रारंभ हो रहे इस कार्यक्रम के मद्देनजर आज यहां मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से चर्चा की। तोमर ने हाल ही में दिल्ली यात्रा के दौरान श्री बिरला काे इस कार्यक्रम के उद्घाटन के लिए आमंत्रित किया था।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार उद्घाटन सत्र में बिरला के अलावा, तोमर, डॉ यादव, संसदीय कार्य मंत्री विजयवर्गीय और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी अपने विचार रखेंगे। इस आयोजन की तैयारियां लगभग पूरी हो गयी हैं। विधानसभा के प्रमुख सचिव ए पी सिंह, अध्यक्ष श्री तोमर के दिशानिर्देशों के अनुरूप तैयारियों को अंतिम स्वरूप दे चुके हैं। दो दिवसीय आयोजन में दो सौ तीस सदस्यीय विधानसभा के सभी सदस्यों से इस कार्यक्रम में उपस्थित रहने का अनुरोध किया गया है।
ओम बिरला मंगलवार को भोपाल में
