छतरपुर : मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के नौगांव थाना क्षेत्र में स्थित एक शराब फैक्ट्री के दो मजदूरों की आज कथित रूप से दम घुटने से मौत हो गई, जबकि तीन मजदूरों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि नौगांव में स्थित एक शराब फेक्ट्री के पांच श्रमिक पास ही स्थित एक कमरे में सो रहे थे। लेकिन आज सुबह श्रमिक नहीं जागे, तो पुलिस को सूचित किया गया और कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। जहाँ वे बेसुध मिले। इस हादसे में पवन राय और प्रकाश की मौत हो गई है, जो बिहार के निवासी बताये गये हैं। तीन लोगों को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। जहॉँ अस्पताल के चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया और बेहतर उपचार के लिए उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मजदूरों की मौत का कारण कथित रूप से दम घुटना बताया गया है। पुलिस इस प्रकरण की जांच कर रही है।
