प्रयागराज : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने संगम नगरी में माघ मेला के दौरान समाज में पर्यावरण संरक्षण की अलख जगाने एवं विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन के लिये वृहद रूपरेखा तैयार की है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र व विकासार्थ विद्यार्थी प्रयागराज के संयोजक आलोक प्रताप सिंह ने मंगलवार को यहां बताया कि दो-चरणों में इंटर्नशिप कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस इंटर्नशिप कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के विभिन्न पहलुओं को समझाया जाएगा एवं माघ मेला क्षेत्र में 15 दिनों तक पर्यावरण संरक्षण के लिये कार्य करेंगे। इंटर्नशिप का प्रथम चरण जनवरी 15 तक चलाया जाएगा तथा दूसरा चरण 16 जनवरी से प्रारंभ होगा।
उन्होने बताया कि 20 जनवरी को विकासार्थ विद्यार्थी के तत्वाधान में ‘नदी संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पर्यावरण विशेषज्ञों को बुलाया जाएगा तथा संवाद के माध्यम से जल संरक्षण की महत्ता पर चर्चा की जाएगी एवं नदियों की उपयोगिता बताई जाएगा। विकासार्थ विद्यार्थी श्री रामलला प्राण प्रतिष्ठा के दिन दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन करेगा। 21 जनवरी की संध्या को 50 हज़ार दीपक कल्पवासियों को वितरित किए जाएंगे और उनसे आग्रह किया जाएगा कि उन दीपकों को अपने शिविर में संध्या को जलाएं। कुछ स्थान चिन्हित कर विद्यार्थियों द्वारा भी दीपोत्सव कार्यक्रम मनाया जाएगा।
माघ मेला के दौरान पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करेगा विद्यार्थी परिषद
