गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

आरसी के बदले रिश्वत ले रहा प्रशासनिक अधिकारी गिरफ्तार

नैनीताल : उत्तराखंड विजिलेंस की टीम घूसखोर सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। विजिलेंस की टीम ने मंगलवार को ऊधमसिंह नगर के क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) के प्रशासनिक अधिकारी को घूस लेते हुए गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी गाड़ी की आरसी बनाने के बदले में 4000 की घूस मांग रहा था। शिकायतकर्ता ने विजिलेंस के हल्द्वानी कार्यालय में शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि उसने हल्द्वानी थाना से नीलामी की एक मोटर साइकिल ली।
गाड़ी के दस्तावेज अपने नाम कराने के लिये उसने रूद्रपुर के आरटीओ कार्यालय में तैनात प्रशासनिक अधिकारी भाष्करानंद जोशी निवासी डहरिया, मुखानी, हल्द्वानी द्वारा से संपर्क किया। आरोप लगाया गया कि उसने 4000 रूपये की घूस की मांग की। कई बार संपर्क करने के बावजूद उसे आरसी नहीं दी गयी।
विजिलेंस कार्यालय की ओर से शिकायत की पुष्टि की गयी और तथ्य सही पाये जाने पर एक ट्रैप टीम का गठन किया गया। ट्रैप टीम ने आरोपी को 4000 रुपये की घूस लेते हुए आज हल्द्वानी के देवलचौड़ चौराहा से रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से देर तक पूछताछ की गयी।
आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर आगे की कार्यवाही अमल में लायी जा रही है। विजिलेंस के निदेशक डा. वी. मुरूगेशन ने ट्रैप टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। गौरतलब है कि गत पांच जनवरी को भी हल्द्वानी विजिलेंस की टीम ने सितारगंज सिडकुल के आरएम कार्यालय के सहायक लेखाकार को 9000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी प्लाट की एनओसी के बदले घूस मांग रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *