बुलंदशहर : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में गैंगस्टर के ठिकानो पर मंगलवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों ने छापेमारी की। बुलंदशहर-हापुड़ रोड स्थित राधिका एंक्लेव के कालोनाइजर सुधीर गोयल की मनी लार्डिंग की जांच करने लखनऊ से आई ईडी की पांच टीमों ने कालोनाइजर सुधीर गोयल के आवास सहित सगे संबंधियों के पांच स्थानों पर छापेमारी की। ईडी बंद कमरों में कालोनाइजर के सहयोगियों और उनके परिजनों से पूछताछ में जुटी है और कुछ दस्ताावेज भी कब्जे में लिए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब सात बजे ईडी की अलग-अलग टीमों ने छापेमारी की है। कालोनाइजर को गैंगस्टर और हिस्ट्रीशीट की कार्रवाई के बाद पत्नी व तीन अन्य साथियों समेत दो सप्ताह पहले जेल भेज दिया गया था। गोयल पर करोड़ों रुपये की मनी लार्डिंग का आरोप है। इसकी जांच के लिए ईडी की पांच टीम सीआरपीएफ जवानों के साथ सुबह 7 बजे नगर में पहुंची। ईडी की एक टीम सुधीर के बेटे से पूछताछ कर रही है। दूसरी टीम गीता नाम की महिला से पूछताछ में जुटी है। तीसरी टीम चौक बाजार निवासी कालोनाइजर के बहनोई स्व. प्रमोद कुमार टीटू गन हाऊस वालों के घर पर छापेमारी की।
ईडी की चौथी टीम ने आवास विकास में छापेमारी की। ईडी की पांचवीं टीम ने व्यापारी नेता नीरज जिंदल निवासी रामा एंक्लेव के घर पर छापेमारी की। यहां भी टीम नीरज जिंदल और उसके परिजनों से पूछताछ में जुटी है। राधिका एंक्लेव कालोनी में छापेमारी के दौरान सीआरपीएफ के जवान तैनात किये गये थे। श्लोक कुमार ने बताया कि लखनऊ से ईडी की टीमें आई हैं। कालोनाइजर की मनी लार्डिंग की जांच को टीम छापेमारी कर रही है। टीम ने कुछ अधिक जानकारी नहीं दी है और न ही स्थानीय पुलिस को सूचना दी है।
गैंगस्टर के रिश्तेदारों के ठिकानो पर ईडी का छापा
