गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

कश्मीर घाटी में मौसम शुष्क, जमा देने वाली ठंड जारी

श्रीनगर : कश्मीर घाटी में शुष्क मौसम और जमा देने वाली ठंड जारी है तथा श्रीनगर में बुधवार को न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 5.0 डिग्री सेल्सियस जबकि पहलगाम में शून्य से कम 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र (आईएमडी) ने बुधवार को बताया कि जम्मू-कश्मीर में 16 जनवरी तक वर्षा या हिमपात के आसार नहीं है बल्कि शुष्क मौसम जारी रहने और 12 जनवरी को बादल छाये रहने के आसार हैं। यहां लगातार शुष्क मौसम और भीषण ठंड की स्थिति ने कश्मीर के लोगों के लिये पानी की कमी और स्वास्थ्य संबंधी कई समस्यायें पैदा कर दी हैं। कश्मीर घाटी में एक दिन पहले कई स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से 7-8 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया था।
मौसम संबंधी जानकारी देने वाली एक निजी कंपनी ने बताया कि श्रीनगर इन दिनों दिल्ली, चंडीगढ़, अमृतसर और लुधियाना की तुलना में अधिक गर्म है। श्रीनगर शहर में कल अधिकतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 8.1 डिग्री सेल्सियस से अधिक है। दिल्ली, चंडीगढ़, अमृतसर और लुधियाना में अधिकतम तापमान क्रमश: 13.4 डिग्री , 10.5 डिग्री , 9.5 डिग्री और 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कश्मीर घाटी में पहलगाम सबसे सर्द स्थान रहा, जहां पिछली रात शून्य से कम 4.4 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले तापमान बुधवार को शून्य से कम 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है। श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर काजीगुंड में एक दिन पहले दर्ज किये गये शून्य से
कम 2.6 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले न्यूनतम तापमान शून्य से कम 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कोकेरनाग में पिछली रात दर्ज किये गये शून्य से कम 1.2 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले न्यूनतम तापमान शून्य से कम 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार को गुलमर्ग का तापमान शून्य से कम 5.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि पिछली रात तापमान शून्य से कम 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। कुपवाड़ा में पिछले दिन के शून्य से कम 4.5 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले न्यूनतम तापमान शून्य से कम 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.0 डिग्री सेल्सियस कम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *