गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

गुजरात ने विश्व व्यापार, औद्योगिक क्षेत्र में प्रमुख स्थान हासिल किया है

गांधीनगर : भूपेंद्र पटेल ने बुधवार को कहा कि गुजरात ने विश्व व्यापार, वाणिज्य तथा औद्योगिक क्षेत्र में प्रमुख स्थान हासिल किया है। पटेल ने वाइब्रेंट गुजरात वैश्विक शिखर सम्मेलन के दसवें संस्करण में उपस्थित दुनिया के विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्ष, वैश्विक नेताओं और ग्लोबल बिजनेस कम्यूनिटी का गर्मजोशी से स्वागत कर अपने स्वागत भाषण में कहा कि भारत के अमृत काल की पहली वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट (वीजीजीएस) हमारे अमृत भविष्य का रोडमैप तैयार करेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वाइब्रेंट समिट के प्रमुख वास्तुकार हैं। इस वाइब्रेंट समिट को बिजनेस ब्रांडिंग के साथ-साथ बॉन्डिंग के समिट के रूप में स्थापित किया है। वीजीजीएस-24 में दुनिया भर के राष्ट्राध्यक्षों एवं उद्योगपतियों की विशाल उपस्थिति इस बात का प्रमाण है। समिट की दो दशकों की सफलता ने इसे नॉलेज शेयरिंग और नेटवर्किंग का एक सम्मानित मंच बना दिया है। इतना ही नहीं हमने प्रधानमंत्री द्वारा 2003 में दिए गए मंत्र ‘गुजरात कैन एंड गुजरात विल’ को भी वैश्विक विकास के माध्यम से साकार किया है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि, समिट की थीम ‘गेटवे टू द फ्यूचर’ है और इस समिट में प्रधानमंत्री द्वारा निर्धारित की गयी विभिन्न राष्ट्रीय प्राथमिकताओं जैसे कि सेमीकंडक्टर व इलेक्ट्रॉनिक्स, ग्रीन हाइड्रोजन, रिन्यूएबल एनर्जी, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी जैसे फ्यूचरिस्टिक सेक्टर एवं एमएसएमई तथा स्किल डेवलपमेंट पर ध्यान केंद्रित किया गया है। उन्होंने इस संदर्भ में कहा कि इस वाइब्रेंट समिट के अंतर्गत हो रहे एमओयू में से 50 फीसदी एमओयू ग्रीन एमओयू हैं और ये पर्यावरण की रक्षा एवं क्लाइमेट चेन्ज के खिलाफ लड़ने की गुजरात की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
उन्होंने वाइब्रेंट गुजरात समिट की सफलता के संबंध में गर्व के साथ कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रत्येक वाइब्रेंट समिट में गुजरात के वर्ल्ड क्लास डेवलपमेंट का विजन और नयी पहल को प्रेरणा प्रदान की है। उनकी इन प्रेरणाओं के परिणामस्वरूप ही गुजरात आज निवेश का श्रेष्ठ स्थान एवं देश का ग्रोथ इंजन बन गया है।
मुख्यमंत्री ने गुजरात की पॉलिसी ड्रिवन स्टेट के रूप में पहचान को बनाये रखने की प्रतिबद्धता के संबंध में कहा कि, प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में गुजरात प्रत्येक पॉलिसीज के लिए समर्पित है। उन्होंने गुजरात को ग्लोबल फाइनेंशियल हब बनाने में प्रधानमंत्री के योगदान का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि, प्रधानमंत्री ने ही गुजरात को ग्लोबल फाइनेंशियल एक्टिविटीज शुरू करने का विजन दिया था। इसके परिणामस्वरूप आज गिफ्ट सिटी दुनिया की अनेक फाइनेंशियल एवं फिनटेक कंपनियों का हब बन गयी है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट-2024 में शामिल होने वाले 34 पार्टनर कंट्री और 16 पार्टनर ऑर्गेनाइजेशन के प्रतिनिधियों तथा 130 से अधिक देशों के डेलिगेट्स, ग्लोबल इंडस्ट्रीज एंड बिजनेस कम्युनिटी के अध्यक्ष , मुख्य कार्यकारी अधिकारी तथा वरिष्ठ प्रतिनिधियों की सहभागिता से समिट की सफलता की आशा व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *