गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

पटवारी रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

बठिंडा : पंजाब सतर्कता विभाग ने आज राजस्व हलका कल्याण सुक्खा, जि़ला बठिंडा के पटवारी जगजीत सिंह को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुये रंगे हाथों गिरफ़्तार कर लिया। विजीलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उपरोक्त मुलजिम को कुलदीप सिंह, निवासी गाँव कल्याण सुक्खा, जि़ला बठिंडा की शिकायत के आधार पर गिरफ़्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने विजीलेंस से सम्पर्क कर आरोप लगाया कि गाँव कल्याण सुक्खा में करीब छह एकड़ कृषि योग्य ज़मीन साझे खाते की है और वह अपने हिस्से की इस ज़मीन में से दो कनाल ज़मीन का तबादला दूसरे पक्ष के साथ करवाना चाहता था। जिस सम्बन्धी पटवारी जगजीत सिंह और उसके प्राइवेट सहायक बेअंत सिंह ने यह काम करने के बदले वादी पक्ष कुलदीप सिंह से 12 हजार रुपए रिश्वत की माँग की, परन्तु सौदा 10 हजार रुपये में हो गया। शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कुछ दिन पहले यही पटवारी इसी ज़मीन और बैंक लिमिट को प्राप्त करने के बदले उससे 10 हजार रुपये रिश्वत हासिल कर चुका है।
प्रवक्ता ने बताया इस शिकायत की प्राथमिक पड़ताल करने के उपरांत विजीलेंस ब्यूरो यूनिट बठिंडा ने जाल बिछाया और पटवारी जगजीत सिंह को शिकायतकर्ता से रिश्वत लेते हुए दो सरकारी गवाहों की हाजिऱी में मौके पर रंगे हाथों गिरफ़्तार कर लिया। इस पटवारी के प्राईवेट सहायक बेअंत सिंह की गिरफ़्तारी के लिए प्रयास किये जा रहे हैं। इस केस में उक्त दोनों मुलजिमों के खि़लाफ़ थाना विजीलेंस ब्यूरो, बठिंडा रेंज में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई आरंभ कर दी गयी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *