जयपुर : भजनलाल शर्मा ने भारत को आज विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बताया और कहा कि इसमें देश के चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) का महत्वपूर्ण योगदान है। शर्मा जयपुर में आयोजित चार्टर्ड अकाउंटेंट की दो दिवसीय राष्ट्रीय कांफ्रेंस ‘‘वेदा’’ को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को गति और दिशा देने में सीए का महत्व सर्वविदित है, जिस तरह चिकित्सक नागरिकों के स्वास्थ्य के लिये आवश्यक हैं, वैसे ही सीए भी देश के आर्थिक स्वास्थ्य के लिये जरूरी हैं।
उन्होंने देश-दुनिया से आये चार्टर्ड अकाउंटेंट को नववर्ष, युवा दिवस, लोहड़ी एवं मकर सक्रांति की शुभकामनायें देते हुये कहा कि सीए अपने वित्तीय ज्ञान और कौशल का उपयोग कर देश के आर्थिक विकास और स्थिरता में महत्ती भूमिका निभा रहे हैं। इस कॉन्फ्रेंस में होने वाला विमर्श राज्य और देशहित में सकारात्मक भूमिका निभायेगा। टेक्नोलॉजी एवं लेखांकन में नये बदलावों से पैदा होने वाली चुनौतियों का सामना करने और आपसी ज्ञान को साझा करने के लिये ऐसे सम्मेलन बहुत उपयोगी हैं। उन्होंने कॉन्फ्रेंस प्रतिभागियों से प्रदेश हित में वित्तीय प्रबंधन के रोडमैप से संबंधित सुझाव देने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आईसीएआई (इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया) चार्टर्ड अकाउंटेंसी को नियम अनुरूप चलाने में बेहद अहम जिम्मेदारी का निर्वाह कर रहा है। यह गौरव का विषय है कि आईसीएआई 11.50 लाख से अधिक सदस्यों और विद्यार्थियों के साथ दुनिया में सीए का सबसे बड़ा पेशेवर निकाय है। भारत में करीब चार लाख और राजस्थान में करीब 30 हजार सीए देश सेवा के काम में लगे हुये हैं। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में आपकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने हाल में सीए परीक्षा में पास हुये सभी युवाओं और विशेष रूप से राजस्थान से इस परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मधुर जैन, तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले टिकेन्द्र कुमार सिंघल, ऋषि मलहोत्रा और मेरिट में स्थान प्राप्त करने वाले विनय मंगतानी, मानसी गुप्ता और तुषार जैन को भी बधाई दी।
श्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश के चार्टर्ड अकाउंटेंट ने विश्वभर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। आप अपनी मेहनत एवं शिक्षा के बल पर इस मुकाम पर पहुंचे हैं। आपका कर्त्तव्य है कि आप देशहित में अपनी भूमिका निभायें। उन्होंने कहा कि सीए अर्थव्यवस्था एवं वित्तीय प्रदर्शन में सुधार संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव देने के साथ-साथ कर कानूनों के प्रति जागरूकता और अनुपालना सुनिश्चित करते हैं।
व्यवसाय के अतिरिक्त आंतरिक नियंत्रण प्रणालियों की स्थापना और समीक्षा भी सीए ही करते हैं। उन्होंने कहा, “ मुझे विश्वास है आप अपने कौशल और ज्ञान का उपयोग समाज को बेहतर बनाने में निरंतर करते रहेंगे। ” इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चार्टर्ड अकाउंटेंट को पुरस्कृत किया। साथ ही उन्होंने राजस्थान के चार्टर्ड अकाउंटेंट की डायरेक्टरी का विमोचन भी किया।
