लखनऊ, जनवरी : उत्तर प्रदेश ने दावोस, स्विटजरलैंड में हो रहे विश्व आर्थिक फोरम में अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों के बीच राज्य की प्रभावी ब्रांडिंग करने का फैसला किया है। विश्व आर्थिक फोरम (डब्लूईएफ) 2024 में अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त व कृषि उत्पादन आयुक्त मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधि मंडल भाग लेगा। 14 से लेकर 19 जनवरी तक चलने वाले इस छह दिन के कार्यक्रम में वैश्विक व्यापार जगत के प्रतिनिधियों व उद्योग क्षेत्र के दिग्गजों के साथ महत्वपूर्ण चर्चा का मंच मिलेगा।
विश्व आर्थिक फोरम गंभीर वैश्विक मुद्दों पर संवाद के लिए जाना जाता है। इस वर्ष स्विटजरलैंड के खूबसूरत शहर दावोस में हो रही फोरम की बैठक नेताओं, विचारकों व नीति निर्माताओं द्वारा विश्व के समावेशी व उज्जवल भविष्य को आकार देने के लिये संवाद किया जायेगा ।
उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल की नेतृत्व कर रहे मनोज कुमार सिंह मंच का उपयोग उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश के मानचित्र पर स्थापित करने के लिए करेंगे। आर्थिक विकास पर खास ध्यान के साथ प्रतिनिधि मंडल बड़ी बहुराष्ट्रीय कंपनियों जैसे नेस्ले, एबी इन्वी, कैपजेमिनी, पेप्सीको, कोकाकोला, यूनीलीवर व माइक्रोसाफ्ट के सीईओ, सीएक्सओ और सीएफओ के साथ संवाद करेगा।
निवेशकों से सुविधाजनक चर्चाओं के लिए, उत्तर प्रदेश की निवेश प्रोत्साहन एजेंसी, इन्वेस्ट यूपी ने प्रोमेनेड 49 में एक अत्याधुनिक पवेलियन बनाया है। यह पवेलियन उत्तर प्रदेश के बिजनेस इकोसिस्टम तथा उसकी बहुमुखी संभावनाओं का प्रदर्शन अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने करेगा और उनको उत्तर प्रदेश में निवेश की महत्ता बताएगा।
डब्लूईएफ दावोस में दिखेंगे विभिन्न क्षेत्रों में यूपी के अवसर
