गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

हिमाचल के मैदानी भागों में कोहरे का कहर जारी

कुकुमसेरी में माइनस 11 डिग्री पहुंचा पारा

शिमला : हिमाचल प्रदेश में मैदानी जिले शीतलहर की चपेट में हैं और ऊना तथा मंडी जिले में लगातार दूसरे दिन न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज हुआ है। ऊना का न्यूनतम तापमान -1.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि मंडी में -0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। लाहौल-स्पीति जिला के कुकुमसेरी का पारा इस सीजन में पहली बार माइनस 11.1 डिग्री दर्ज हुआ।
शिमला के मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आगामी दो दिनों के दौरान सुबह के समय मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर, ऊना, कांगड़ा, सिरमौर और सोलन के अलग-अलग हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। उधर, राजधानी शिमला तथा आसपास क्षेत्रों में आज धूप खिली हुई है। मौसम विभाग की ओर से 17 जनवरी को को भी मध्य और उच्च पर्वतीय कुछ स्थानों पर मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। राजधानी शिमला के न्यूनतम तापमान में भी तीन डिग्री तक कमी दर्ज हुई है। न्यूनतम तापमान कम होने से प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम ठंडा हो गया है।
प्रदेश के अन्य मैदानी जिलों कांगड़ा, बिलासपुर, हमीरपुर सहित सोलन और सिरमौर के कई क्षेत्रों में मंगलवार सुबह भी कोहरा छाया रहा। कई जगह दृश्यता 200 मीटर से कम रही। इससे कई जगह वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार आगामी दो दिनों के दौरान सुबह के समय मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर, ऊना, कांगड़ा (नूरपुर), सिरमौर (पांवटा साहिब-धौलाकुआं) और सोलन (बद्दी- नालागढ़) के अलग-अलग हिस्सों में कोहरा छाए रहने की संभावना है।
वाहन चालकों को सुबह के समय सावधानी से यात्रा करने की सलाह दी गई है। उधर, राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश मध्य और उच्च पर्वतीय जिलों में मौसम साफ रहा। धूप खिलने से दिन के समय तो मौसम में ठंडक कम रही, लेकिन सुबह और शाम के समय कड़कड़ाती ठंड पड़ रही है। मंगलवार को प्रदेश में कहीं भी बारिश और बर्फबारी नहीं हुई। मौसम शुष्क बना रहा मौसम विभाग की ओर से 17 जनवरी को उच्च पर्वतीय एक-दो स्थानों पर बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई गई है। 18 से 22 जनवरी तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ बना रहने का पूर्वानुमान है।
रविवार रात को इस सीजन में ठंड के बीच रिकॉर्ड तोड़ते हुए ऊना में न्यूनतम पारा -1.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। करीब 9 साल बाद ऊना में तापमान शून्य से भी नीचे दर्ज किया गया था। इससे पूर्व साल 2015 में -1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। सोमवार रात का न्यूनतम तापमान भी माइनस में दर्ज किया गया।
शिमला में न्यूनतम तापमान 4.0, सुंदरनगर -0.1, भुंतर 0.1, कल्पा -1.8, धर्मशाला 5.2, ऊना -1.0, नाहन 6.1, पालमपुर 2.6, सोलन 0.6, मनाली 0.2, कांगड़ा 3.5, मंडी -0.2, चंबा 2.6, डलहौजी 4.5, जुब्बड़हट्टी 5.2, कुफरी 2.0, कुकुमसेरी -11.1, नारकंडा 1.8, भरमौर 4.1, रिकांगपिओ 0.2, सेऊबाग 0.5, धौलाकुआं 3.4, बरठीं -0.5, समदो -2.0, पांवटा साहिब 6.0, सराहन 2.0 और देहरागोपीपुर में 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *