शिलांग : अमित शाह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पूर्वोत्तर परिषद (एनईसी) की 71वीं पूर्ण बैठक की अध्यक्षता करने के लिए गुरुवार को मेघालय पहुंचे। गौरतलब है कि एनईसी आठ पूर्वोत्तर राज्यों की क्षेत्रीय योजना संस्थान है और इसकी बैठक शुक्रवार को होगी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। इस बैठक में असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम और त्रिपुरा के राज्यपाल और मुख्यमंत्री भाग लेंगे। मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह राज्य में कानून व्यवस्था के मद्देनजर बैठक में भाग नहीं ले पायेंगे।
शाह परिषद के पदेन अध्यक्ष हैं, जबकि उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री जी. किशन रेड्डी इसके उपाध्यक्ष हैं। श्री रेड्डी और परिषद के राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा सहित नीति आयोग के वरिष्ठ अधिकारी पूर्ण सत्र में भाग लेंगे। परिषद के एक अधिकारी ने कहा कि बैठक के दौरान 70वें पूर्ण सत्र की कार्रवाई रिपोर्ट पेश की जाएगी और वर्ष 2022-23 के लिए एनईसी की गतिविधियों पर चर्चा की जाएगी। अधिकारी ने कहा, “2023-24 के लिए एनईसी की कार्य योजना और एनईसी के सचिव द्वारा एनईसी विज़न 2047 पर एक प्रस्तुति दी की जाएगी।”
एनईसी की बैठक में शामिल होने के लिए शाह शिलांग पहुंचे
