उधमसिह नगर/नैनीताल : उत्तराखंड के ग्राम विकास और कृषि मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने शुक्रवार को जनपद उधमसिंह नगर के बाजपुर में ग्राम हरिपुरा हरसान में आयोजित कार्यक्रम में कुल 3 करोड़ 40 लाख 30 हजार की लागत से 25 कार्यों का शिलान्यास/लोकार्पण किया। जिसमें 312.38 लाख की लागत से 18 कार्यों का शिलान्यास एवं 27.92 लाख की लागत से सात कार्यों का लोकार्पण शामिल हैं।
राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित जनता को संबोधित करते हुए श्री जोशी ने कहा कि प्रभारी मंत्री होने के कारण मेरा प्रयास सबके हितों के लिए कार्य करने का है। देश की मोदी सरकार समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आज देश के 80 करोड़ लोगों को फ्री में राशन देने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की चिंता करते हुए 10 करोड़ से अधिक लोगों को उज्जवला गैस योजना के अंतर्गत गैस-चुल्हा वितरण करने का कार्य देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया। 10 करोड़ से अधिक इज्जत घर (शौचालय) बनाने का कार्य मोदी सरकार के द्वारा किया गया है।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से देश में निर्धन/जरूरतमंद लोगों को उनका अपना घर देने का कार्य देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार चाहे वह दिल्ली की हो या प्रदेश की दोनों जनहित के लिए कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का लक्ष्य है कि 2025 तक प्रदेश में एक लाख बहनों को लखपति दीदी योजना के माध्यम से लखपति बनाना हैं।
श्री जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार जिन योजनाओं का शिलान्यास करती है, उनका लोकार्पण भी करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश धामी सरकार सरलीकरण समाधान और निस्तारण के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है। इस अवसर पर उन्होंने बाजपुर के लोगों की समस्या भी सुनी और संबंधित अधिकारियों को उसके निराकरण के निर्देश दिए।
इस दौरान, उपाध्यक्ष उत्तराखंड बीज प्रमाणीकरण बलराज पासी, जिलाध्यक्ष, भाजपा महिला मोर्चा उमा जोशी, जिला महामंत्री, भाजपा अमित नारंग, मुख्य विकास अधिकारी विशाल मिश्रा, उप जिलाधिकारी राकेश तिवारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नफील जमील, मुख्य उद्यान अधिकारी भावना जोशी, कृषि अधिकारी अजय कुमार वर्मा,तहसीलदार अक्षय भट्ट आदि उपस्थित थे।
जोशी ने किया विकास योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण
