भुवनेश्वर : ओडिशा पुलिस की अपराध शाखा के विशेष जांच दल (एसटीएफ) ने शनिवार को एक वन्यजीव अपराधी को गिरफ्तार कर उसके पास से तेंदुए की खाल सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की। एसटीएफ सूत्रों ने यहां बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर एसटीएफ की टीम ने बौध जिले के पुरुना कटक थाना क्षेत्र के रानीपाथर गांव के पास छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान गौतम बेहरा को गिरफ्तार कर उसके पास से एक तेंदुए की खाल बरामद की गयी। बेहरा को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की धारा के तहत गिरफ्तार करने के बाद उसे हरभंगा में जेएमएफसी अदालत में पेश किया गया। उन्होंने बताया कि जब्त तेंदुए की खाल को जैविक परीक्षण के लिए भारतीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून भेजा जाएगा।
