अहमदाबाद : डीएमआई समूह ने जेस्टमनी प्लेटफार्म के अधिग्रहण की घोषणा की है। डीएमआई के सह संस्थापक एवं संयुक्त प्रबंध निदेशक शिवाशीष चटर्जी की ओर से शनिवार को यहां जारी बयान में कहा है कि जेस्ट मनी भारत में चेकआउट फाइनेंसिंग की अग्रणी प्रदाता रही है। हम सदैव आपसी संबंधों एवं अनुभव के जरिये अपने ग्राहकों और मर्चेंट को उत्कृष्ट साल्यूशन प्रदान करते रहे हैं। हम बीते आठ साल से अधिक समय से जेस्टमनी के साथ विभिन्न क्षमताओं में सहभागी बने हैं। हमारा दृढ़ विश्वास है कि यह अधिग्रहण भारत में डिजिटल वित्तीय समावेशन को ऊंचाई पर ले जाने की हमारी यात्रा
का एक महत्वपूर्ण कदम होगा। डीएमआई की एनबीएफसी शाखा डीएमआई फाइनेंस जेस्ट प्लेटफार्म पर पसंदीदा ऋणदाता होगी। इस अधिग्रहण के बाद डीएमआई के पास सभी जेस्ट ब्रांडो के उपयोग का विशिष्ट अधिकार होगा। यह अधिग्रहण जेस्टमनी चेकआउट फाइनेंसिंग प्लेटफार्म को अपने उत्पादों के साथ जोड़ते हुए डीएमआई को वर्तमान एवं संभावित ग्राहकों के साथ संबंधों में विस्तार में सक्षम बनाएगी। डीएमआई, जेस्ट के आनलाइन व आफलाइन मर्चेंट नेटवर्क के साथ अपने ग्राहक आधार, बैलेंस शीट को भी मजबूत बनाएगी व महत्वपूर्ण जोखिम प्रबंधन अनुभव भी हासिल करेगी। 2008 में स्थापित व भारत में 40 से ज्यादा कार्यालयों में गहन अनुभव रखने वाली टीम के साथ काम करते हुए डीएमआई संपूर्ण भारत में काम करने वाली वित्तीय सेवाओं का प्लेटफार्म है जिसका प्रमुख व्यवसाय डिजिटल फाइनेंस, हाउसिंग फाइनेंस व असेट प्रबंधन है।
डीएमआई में डीएमआई फाइनेंस शामिल है जो कि पूरी तरह से डिजिटल ऋणदाता है जिसके उत्पादों में उपभोक्ता, वैयक्तिक और एमएसएमई ऋण शामिल हैं। यह तकनीक का भरपूर इस्तेमाल करते हुए बिक्री और अंडरआइटइंग के जरिये ऋण की मात्रा बढ़ाने और ग्राहक सेवा और कलेक्शन को अधिकतम बढ़ाने पर केंद्रित है। 2015 में स्थापित जेस्ट एक पूरी तरह से आटोमेटेड डिजिटल कस्टमर आनबोर्डिंग और सर्विसिंग सिस्टम है जो ग्राहकों को प्वाइंट आफ सेल्स से तुरंत आवेदन करने व ऋण लेने की सुविधा उपलब्ध कराता है। देश भर में इसके 80000 से ज्यादा मर्चेंट हैं जिनमें अमेज़न, फ्लिपकार्ट, मिंत्रा, मेकमायट्रिप, नायिका, सैमसंग, एप्पल, वीवो, क्रोमा और रिलायंस डिजिटल शामिल हैं। विश्व आर्थिक मंच 2021 द्वारा 2020 टेक्नोलॉजी पायनियर के तौर पर चयनित और डिलायट इंडिया ने इसे सबसे तेज बढ़ने वाली टेक कंपनी के तौर पर पहचान की है।
जेस्ट के मुख्य परिचालन अधिकारी मंदार सतपुते ने कहा, ” डीएमआई भारत में डिजिटल लेंडिंग के अग्रिम मोर्चे पर रही है। वे मजबूत पूंजी सहयोग और गहन विशेषता के लिये जाने जाते हैं। डीएमआई जेस्टमनी के शुरुआती सहयोगियों में रहा है और हम अपनी सहभागिता को नए स्तर पर ले जाते हुये उत्साहित हैं।”
डीएमआई ने जेस्टमनी का किया अधिग्रहण
