झांसी : उत्तर प्रदेश का झांसी जिला प्रशासन गणतंत्र दिवस और यूपी दिवस पर विभिन्न कार्यक्रमों को पूरी भव्यता के साथ मनाने के लिए तैयारियों में जुटा है। इसी संदर्भ में यहां शनिवार को विकास भवन सभागार में ज़िलाधिकारी अविनाश कुमार द्वारा आवश्यक बैठक आयोजन किया गया जिसमें सभी विभागों के साथ यूपी दिवस के अवसर पर होने वाले कार्यक्रम पर की जाने वाली व्यवस्थाओ पर विचार विमर्श किया गया। ज़िलाधिकारी द्वारा बताया गया कि यूपी दिवस का आयोजन दिनांक 24 जनवरी 2024 को झांसी किले की तलहटी में स्थित अर्बन हाट मैदान में किया जाएगा।
ज़िलाधिकारी द्वारा बताया गया की जनपद में यूपी दिवस का आयोजन 3 दिवसीय होगा, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। इसके बाद ओडीओपी, एमएसएमई, खादी ग्रामोद्योग, स्वयं सहायता समूह सहित अन्य स्टाल लगाए जाने के निर्देश दिए।
उक्त कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के कार्मिकों, ओडीओपी लाभार्थियों, प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों, किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों, पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों, ट्रेडर्स, मैनुफैक्चरिंग संगठनों सहित विभिन्न समूहों को शामिल किया जाएगा। बैठक में उपस्थित समस्त अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कार्यक्रम स्थल पर आवागमन के दृष्टिगत यातायात सम्बंधित सभी व्यवस्थाओं के लिए पूरी कार्ययोजना बनाई जाए।
जिलाधिकारी ने 26 जनवरी गणतंत्र दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की और जनपद में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की समाधि स्थल, उनकी प्रतिमाओं के आसपास साफ-सफाई व रोशनी तथा माल्यार्पण आदि किए जाने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट ने 26 जनवरी को होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 8:30 बजे समस्त सरकारी भवनों पर झंडारोहण एवं राष्ट्रगान का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 9:15 वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई दुर्ग पर ध्वजारोहण कार्यक्रम होगा, 9:30 पुलिस लाइन में पुलिस परेड का आयोजन किया जाएगा। 10:00 बजे समस्त शिक्षण संस्थाओं पर झंडारोहण का कार्य कार्यक्रम एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। 11:00 बजे जिला अस्पताल में मरीजों को फल वितरण का कार्यक्रम किया जाएगा, 1:00 बजे एनसीसी रूट मार्च, 3:30 बजे रानी झांसी किले के मुख्य द्वार पर कार्यक्रम का आयोजन होगा।
झांसी में गणतंत्र और यूपी दिवस पर होंगे भव्य आयोजन
