गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

प्राण प्रतिष्ठा पर ‘आप’ ने जगह-जगह किया सुंदरकांड पाठ का आयोजन

नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी (आप) ने भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर जगह-जगह सुंदरकांड, भंडारा, शोभायात्रा, आरती समेत अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने निर्वाचन क्षेत्र नयी दिल्ली में आयोजित कई कार्यक्रमों में भाग लेकर पूर्जा अर्चना की और लोगों की सुख-शांति, समृद्धि और विकास की कामना की। इस दौरान उन्होंने आरके आश्रम मार्ग स्थित अल्बर्ट स्क्वायर में रामलला की मूर्ति स्थापना भी की।
केजरीवाल ने दिल्ली समेत सभी देशवासियों को अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर दिल्ली के अलग-अलग इलाक़ों में आयोजित हुए भंडारों में शामिल हुआ। अयोध्या में बहुत अधिक वीआईपी के आवागमन के कारण हम लोग वहां नहीं जा पाए लेकिन हम अपने-अपने तरीके से प्रभु श्रीराम की भक्ति कर रहे हैं।
उन्होंने आरके आश्रम मार्ग में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की सभी रामभक्तों को बधाई देते हुए कहा कि पिछले दिनों हम लोगों ने दिल्ली के कई इलाकों में सुंदरकांड का पाठ कराया था। रोहिणी में आयोजित सुंदरकांड पाठ कार्यक्रम में सपत्नी गया था। आम आदमी पार्टी ने तय किया है कि अब हर महीने के पहले मंगलवार को पूरी दिल्ली में जगह-जगह सुंदरकांड का पाठ कराया जाएगा।
केजरीवाल ने आगे कहा कि हमारी सरकार 60 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों को तीर्थयात्रा करवाती है। हम द्वारकाधीश, शिरडी, रामेश्वरम्, पुरी, हरिद्वार, ऋषिकेष समेत 12 तीर्थ स्थानों पर लेकर जाते हैं। अभी तक दिल्ली से 87 ट्रेन जा चुकी हैं और उसमें करीब 82 हजार लोग अभी तक तीर्थयात्रा करके आ चुके हैं।
आप के वरिष्ठ नेता एवं मंत्री सौरभ भारद्वाज ने यहाँ शेख सराय में आयोजित सुंदरकांड पाठ में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि आज आम आदमी पार्टी के सभी मंत्रियों, विधायकों और पार्षदों ने अपने-अपने स्तर पर अपने-अपने क्षेत्र में शोभायात्राओं और भंडारे का कार्यक्रम रखा। सभी लोग अपनी-अपनी श्रद्धा से भगवान श्रीराम को अपनी भक्ति अर्पण कर रहे हैं। यह सभी के लिए बड़े हर्षाेल्लास की बात है और जिसकी जैसी सहूलियत है, सब अपने-अपने स्तर पर जगह-जगह पर भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर कार्यक्रमों का आयोजन कर रहे हैं।
आप की वरिष्ठ नेता व कैबिनेट मंत्री आतिशी ने कालकाजी में विधिवत श्रीराम पूजा-स्तुति व हवन के कहा कि आज रामलला की भव्य मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा हो रही है जो पूरे देशवासियों के लिए बहुत बड़ा दिन है। हम यह उम्मीद करते हैं कि आज अयोध्या में श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा तो हो ही रही है, साथ ही हम सभी के दिलों में, हमारी अंतरात्मा में भी मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा हो। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम मर्यादा पुरुषोत्तम थे और उन्होंने पूरे विश्व को जीने का सही तरीक़ा सिखाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *