गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

म्यांमार का सैन्य विमान मिजोरम में दुर्घटनाग्रस्ता

एजल : म्यांमार का एक सैन्य विमान मंगलवार को मिजोरम की राजधानी एजल के बाहरी इलाके में स्थित लेंगपुई हवाई अड्डे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसके कारण उसमें सवार आठ लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इस विमान से म्यांमार से भागकर मिजोरम आए सैनिकों को वापस ले जाना था। ये सैनिक विद्रोहियों द्वारा उनके शिविर पर कब्जा किए जाने के बाद भागकर भारतीय सीमा में आ गए थे और मौजूदा समय में मिजोरम में शरण लिए हुए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि हादसे में किसी की मौत नहीं हुयी है। हवाई अड्डे के अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि बुधवार को लेंगपुई हवाई अड्डे पर उड़ानें सामान्य रूप से फिर से शुरू हो जाएंगी। अधिकारियों ने कहा कि दुर्घटनाग्रस्त हुए म्यांमार वायु सेना के इसी परिवहन विमान के जरिए सोमवार को म्यांमार सेना के 184 जवानों को एयरलिफ्ट किया था और शेष 92 सैनिकों को एयरलिफ्ट करने के लिए म्यांमार के राखीन राज्य के सिटवे शहर से लौटा था।
अधिकारियों ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से कहा कि शानक्सी वाई-8 विमान लेंगपुई हवाईअड्डे के रनवे पर उतरा और बहुत तेजी से आगे की ओर बढ़ा और फिर अचानक मुड़कर रनवे से बाहर चला गया। विमान में चालक दल के सदस्य और पायलटों को मिलाकर 14 लोग सवार थे, जिनमें से आठ को चोटें आयी हैं और उन्हें लेंगपुई गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में भर्ती कराया गया, लेकिन वहां एक्स-रे मशीन ठीक से काम नहीं कर रही थी, जिसके कारण घायलों को एजल ले जाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के कारण तीन उड़ानें रद्द कर दी गईं, जिनमें गुवाहाटी से ऐजल की दो और दिल्ली से एजल की एक उड़ान शामिल है। अधिकारियों के अनुसार म्यांमार के 92 सैनिकों को भी मध्य एजल शहर से बाहर स्थानांतरित करने के बाद, असम राइफल्स के प्रस्तावित बटालियन मुख्यालय ज़ोखावसांग में वापस ले जाया गया है।
इस विमान म्यांमार सेना के जवानों को यहां से निकालने के लिए सातवीं उड़ान के लिए एजल भेजा गया था। ये सैनिक म्यांमार के सबसे बड़े जातीय सशस्त्र संगठन अराकान आर्मी (एए) के उग्रवादियों द्वारा उनके शिविरों पर कब्जा करने के बाद दक्षिणी मिजोरम के लांग्टलाई जिले में इसी महीने भाग तक आए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *