सात स्थानों पर तापमान शून्य से नीचे
शिमला : हिमाचल प्रदेश में मौसम के करवट बदलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र की जानकारी के मुताबिक 25 जनवरी के बाद हिमाचल प्रदेश के कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी देखने को मिल सकती है तो वहीं इस दौरान प्रदेश के मध्यवर्ती इलाकों में बारिश भी देखने को मिल सकती है।
आने वाले 25 जनवरी के बाद हिमाचल प्रदेश में मौसम के बदलने की संभावना है। उन्होंने कहा कि किन्नौर कुल्लू और लाहौल स्पीति के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में इस दौरान बर्फबारी हो सकती है। वहीं 29 जनवरी के आसपास हिमाचल प्रदेश के मध्यवर्ती इलाकों में बारिश भी दर्ज की जा सकती है।
इसके प्रभाव से राज्य के मध्य व उच्च पर्वतीय जिलों किन्नौर, लाहौल-स्पीति, शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा के कुछ क्षेत्रों में 25 से 29 जनवरी तक बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। हालांकि, मैदानी भागों में मौसम साफ रहने के आसार हैं। उधर, राज्य में ठंड का प्रकोप लगातार जारी है। सात जगह न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया गया है। शिमला और धर्मशाला के न्यूनतम तापमान में भी कमी दर्ज की गई है। आज राजधानी शिमला व आसपास भागों में धूप खिली हुई है।
उधर, मैदानी जिलों मंडी, बिलासपुर, ऊना, कांगड़ा (नूरपुर), सिरमौर (पांवटा साहिब और धौलाकुआं) और सोलन (बद्दी) और नालागढ़) में अगले दो दिनों के दौरान सुबह के समय अलग-अलग हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। सुबह के समय सावधानी से यात्रा करने की सलाह दी गई है। मंगलवार सुबह भी कई मैदानी क्षेत्रों में कोहरा छाया रहा। इससे लोगों को पेरशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक संदीप कुमार ने बताया कि प्रदेश में पिछले 24 घंटे में मौसम साफ बना रहेगा। वहीं आने वाले 48 घंटे में भी प्रदेश में मौसम के साफ बने रहने की संभावना है। उन्होंने कहा कि ऊपरी इलाकों में इन दिनों तापमान सामान्य बने रहे, मगर प्रदेश के निचले इलाकों में खास तौर पर कांगड़ा, ऊना, हमीरपुर जैसे जिलों में सुबह शाम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। वहीं, कोहरे का प्रभाव भी देखने को मिल रहा है।
शिमला में न्यूनतम तापमान 2.4, संदरनगर -0.6, भुंतर 0.4, कल्पा -3.4, धर्मशाला 4.4, ऊना 2.6, नाहन 4.9, पालमपुर 2.5, सोलन -0.2, मनाली -0.7, कांगड़ा 2.8, मंडी 0.2, बिलासपुर 2.0, जुब्बड़हट्टी 5.0, कुफरी 0.1, कुकुमसेरी -8.1, नारकंडा -1.3, भरमौर 1.5, रिकांगपिओ 0.1, सेऊबाग 0.0, धौलाकुआं 5.7, बरठीं 2.2, समदो -3.7, पांवटा साहिब 8.0, सराहन 0.5 और देहरागोपीपुर में 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
