नई दिल्ली : नवोदित एयरलाइन अकासा एयर ने अपने 150 बोइंग 737 मैक्स विमानों के लिए सीएफएम लीप-1बी इंजन खरीदने की घोषणा की है। एयरलाइन ने शुक्रवार को यह घोषणा ऐसे समय की जब फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भारत की यात्रा पर आये थे। अकासा ने अमेरिकी कंपनी सीएफएम इंटरनेशनल से अतिरिक्त इंजनों के साथ ही रखरखाव का भी अनुबंध किया है।
मुंबई स्थित अकासा एयरलाइन ने अगस्त 2022 में अपना परिचालन शुरू किया था और शुरुआत में ही कुल 76 लीप-1बी इंजन संचालित 737-8 विमानों का ऑर्डर दिया था जिनमें से 22 विमान वर्तमान में सेवारत हैं। अकासा एयर के संस्थापक और सीईओ विनय दुबे ने यह जानकारी देते हुए कहा कि यह महत्वपूर्ण, दीर्घकालिक समझौता सीएफएम इंटरनेशनल के अकासा एयर में विश्वास का प्रमाण है।
हमारे इंजन रखरखाव प्रदाता के रूप में सीएफएम के साथ साझीदारी जारी रखना न केवल परिचालन विश्वसनीयता पर हमारे फोकस की पुष्टि करता है, बल्कि विश्व स्तरीय सुरक्षा के लिए अकासा एयर की सतत प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करता है। उन्होंने कह कि हमारे दीर्घकालिक इंजन रखरखाव प्रदाता के रूप में सीएफएम के साथ यह समझौता, इस दशक के अंत तक हमारे दुनिया की शीर्ष 30 अग्रणी एयरलाइनों में से एक बनने के लक्ष्य को हासिल करने में उपयोगी साबित होगा।
विमान परिचालन में 15 से 20 प्रतिशत ईंधन दक्षता के कारण भारत में सीएफएम के इंजनों की मांग तेजी से बढ़ रही है और इस समय 400 से अधिक विमान लीप-1बी इंजन संचालित हैं तथा करीब ढाई हजार इंजनों के ऑर्डर लंबित हैं। सीएफएम की दोनों मूल कंपनियों जीई एयरोस्पेस और सफ्रान एयरक्राफ्ट इंजन ने भी ‘मेक इन इंडिया’ के तहत भारतीय एयरोस्पेस कंपनियों के साथ रणनीतिक साझीदारी के करार पर हस्ताक्षर किये हैं जिसमें भारत में लीप इंजनों के उत्पादन और रखरखाव के लिए समर्पित अत्याधुनिक सुविधाओं कं निर्माण के लिए निवेश किया जाना है। लीप इंजनों का उत्पादन वर्ष 2016 में शुरू हुआ था और विश्व भर में इन इंजनों ने कुल साढ़े चार करोड़ घंटों से अधिक की उड़ान भरीं हैं और तीन करोड़ टन से अधिक कार्बन डाइ ऑक्साइड का उत्सर्जन बचाया है।
