गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

कर्तव्य पथ पर दिखी भारत की बेटियों की अद्वितीय झलक

पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय की झांकी में यांत्रिक अभियंता के किरदार में नजर आई बिन्दु शर्मा

कपिल शर्मा । गौरवशाली भारत

नई दिल्ली। 26 जनवरी को आन बान और शान के साथ देश ने 75वां गणतंत्र दिवस मनाया। कर्तव्य पथ पर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु ने तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली। समारोह के मुख्य अतिथि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन समेत पूरी दुनिया ने भारत की ताकत देखी। साथ ही कर्तव्य पथ पर नारी शक्ति और आत्मनिर्भर भारत की झलक नज़र आई। पहली बार 100 से अधिक महिला कलाकारों ने भारतीय संगीत वाद्यय यंत्र बजाते हुए की परेड की शुरुआत की। सेना की तीनों सेवाओं की संपूर्ण महिला टुकड़ी ने भी कर्तव्य पथ पर मार्च किया।

कर्तव्य पथ पर भारत की सैन्य शक्ति और शौर्य का प्रदर्शन रहा। जिसमें राफेल की गर्जना से आसमान गूंजायमान हुआ। साथ ही टैंक टी-नाइन्टी भीष्म, एनएजी मिसाइल सिस्टम, रडार प्रणाली स्वाति ड्रोन जैमर प्रणाली और मध्यम दूरी की सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलें परेड का हिस्सा बनी। इस अवसर पर राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों और विभिन्न मंत्रालयों की झांकियों में देश की सांस्कृतिक विविधता दिखाई दी। यूपी की झांकी में रामलला के साथ विकसित भारत की झलक दिखी तो वहीं संस्कृति मंत्रालय की झांकी में भारत में लोकतंत्र की प्राचीन विरासत दिखाई दी। इस मौके पर कश्मीर से कन्याकुमारी तक तिरंगा लहराया गया। राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों में भी राज्यपालों और उप-राज्यपालों ने 75वें गणतंत्र दिवस पर  तिरंगा फहराया। विदेशों में भी भारतीय दूतावासों पर गणतंत्र दिवस की धूम नजर आई।

75वें गणतंत्र दिवस की इस परेड में सोनीपत जिले के गाँव मोई -माजरी की बेटी बिन्दु शर्मा का गणतंत्र दिवस समारोह में पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय की और से चयन हुआ था। इसमें बिन्दु एक यांत्रिक अभियंता के किरदार में नजर आई। गणतंत्र दिवस समारोह से घर लौटने पर बिन्दु के गाँव और परिवार परिजनों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी। बिन्दु सोनीपत जिले के भक्त फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय से बीए तृतीय वर्ष की छात्रा है और साथ ही सामाजिक संस्था युथ सोशलग्राम फाउंडेशन में राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य है। संस्थापक योगेश चौधरी सहित संस्था के अन्य 9 सदस्य भी गणतंत्र दिवस परेड के लिए विभिन्न मंत्रालयों की ओर से चयनित हुए। बिन्दु का चयन वंदे भारत उत्सव कार्यक्रम से हुआ।  जिसमें पूरे भारतवर्ष से 2000 कलाकारों ने हिस्सा लिया था। इसमें से 500 कलाकारों का भिन्न भिन्न मंत्रालयों की झाँकियों के लिए चयन किया गया था। बिन्दु की इस उपलब्धि से गाँव और परिवार के सदस्यों ने प्रसन्नता जताई। गणतंत्र दिवस समारोह से घर लौटने पर उनके दादा रामनिवास शर्मा और उनके पिता मनोज व माता संतोष देवी ने बेटी को गले से लगाकर फूल-मालओं से जोरदार अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि हमारी बेटी ने परिवार का ही नहीं पूरे गाँव का नाम रोशन किया है यह पूरे गाँव के लिए गर्व का विषय है कि पहली बार गाँव की किसी बेटी को यह अवसर मिला।

वाईएसएफ सह संस्थापक अमित भारद्वाज ने बिन्दु को बधाई दी और कहा इस कार्यक्रम मे हिस्सा लेना संस्था को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। संस्था की प्रमुख सलाहकार कोमल शर्मा ने गौरवशाली भारत को जानकारी देते हुए बताया की हमारी टीम गौरवान्वित है। गणतंत्र दिवस के लिए संस्था के 9 सदस्यों का चयन हुआ था। जिसमें बिन्दु, योगेश, टीपू, पलक, मोनिका, नितिका और कनिष्का शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *