वॉशिंगटन : अमेरिका ने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के उन आरोपों को एक बार फिर निराधार बताते हुए खारिज किया है जिसमें कहा गया था कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) की सरकार को गिराने में उसका हाथ रहा है। पाकिस्तान के समाचारपत्र द न्यूज ने अपनी रिपोर्ट में यह जानकारी दी। रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा , “पाकिस्तान की जनता और उसकी संसद तय करती है कि देश का नेतृत्व कौन करेगा। हम एक राजनीतिक दल का दूसरे के मुकाबले समर्थन नहीं करते, चाहे वह पाकिस्तान में हो या दुनिया भर में कहीं और हो।”
प्रवक्ता ने आगे कहा, “ हम संवैधानिक और लोकतांत्रिक सिद्धांतों के शांतिपूर्ण पालन का समर्थन करते हैं, जिसमें मीडिया की अभिव्यक्ति की आजादी , शांतिपूर्ण सभा की स्वतंत्रता, कानून का शासन और कानून के तहत समान न्याय जैसे मानवाधिकारों का सम्मान शामिल है।” गौरतलब है कि पूर्व पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने सिफर मामले में 10 साल की सजा सुनाए जाने के बाद आरोप लगाया है कि अमेरिकी विदेश मंत्रालय का एक अधिकारी उनकी सरकार को गिराने में शामिल थे।
अमेरिका ने फिर इमरान के आरोपों को खारिज किया
