नारायणपुर : छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में नक्सलियों ने पुल और सड़क निर्माण में लगे वाहनों को आग के हवाले कर दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार अबूझमाड़ क्षेत्र में आने वाले ग्राम जीवलापदर में पुल निर्माण में लगे तीन वाहनों को नक्सलियों ने कल देर रात आग के हवाले कर दिया। आदिवासियों के सुविधाजनक आवागमन के लिए जीवलापदर के समीप नाले पर पुल का निर्माण किया जा रहा था। इसी बीच लगभग 50 की संख्या में हथियार बंद नक्सली मौके पर पहुँचे और आगजनी के बाद पुल निर्माण कार्य में लगे मजदूर की मोटरसाइकिल भी अपने साथ ले गए। मामला आज कुरूसनार थाने में दर्ज किया गया है।
