गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

धामी का पांडेय से भेल की अनुप्रयुक्त भूमि देने का अनुरोध

नई दिल्ली/देहरादून : पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नयी दिल्ली पहुंच केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री डॉ० महेन्द्र नाथ पांडेय से भेंट कर उनसे भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) हरिद्वार के स्वामित्व की अनुप्रयुक्त 492 एकड़ भूमि का स्वामित्व राज्य सरकार को हस्तांतरित किए जाने का अनुरोध किया। इस दौरान, केंद्रीय मंत्री ने उत्तराखंड के रूड़की एव पंतनगर में सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस के निर्माण के लिये सैद्धांतिक सहमति प्रदान की।

धामी ने औद्योगिक विकास के लिए केंद्र से मिल रहे सहयोग पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड राज्य ईज ऑफ डुईंग बिजनेस, निवेश प्रोत्साहन तथा स्टार्ट अप क्षेत्र में निरंतर विकास कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा निर्गत की जाने वाली रैंकिंग में लगातार उत्तम श्रेणी प्राप्त कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में स्थापित भेल, हरिद्वार के स्वामित्व की 457 एकड़ भूमि, जो एकीकृत औद्योगिक आस्थान, हरिद्वार के साथ लगती हुई स्थित है, लगभग 60 वर्षों से अप्रयुक्त होने के कारण रिक्त है। साथ ही, भेल के स्वामित्व की एक अतिरिक्त 35 एकड़ भूमि रिक्त एवं अप्रयुक्त उपलब्ध है, जो हरिद्वार रेलवे लाईन के किनारे स्थित है एवं मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क स्थापित किये जाने के लिए उपयुक्त है।
धामी ने डा पांडेय से कहा कि उत्तराखंड राज्य में निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उक्त 457 एकड़ भूमि औद्योगिक विस्तार हेतु व 35 एकड़ भूमि मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क (एमएमएलपी) स्थापित किये जाने हेतु राज्य सरकार को हस्तान्तरित की जा सकती है, जिससे राज्य में होने वाले निवेश को एक नया आयाम प्राप्त होगा, साथ ही युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *