गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

ओडिशा: धमाल मुठभेड़ में माओवादी मारा गया

भुवनेश्वर : ओडिशा के कंधमाल जिले में शनिवार की रात सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में एक शीर्ष माओवादी कैडर मारा गया। उस पर पांच लाख रुपये का नकद इनाम था और वह नागरिकों की हत्या, आगजनी तथा सुरक्षा बलों पर हमलों में घटनाओं में शामिल था।
पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि मुठभेड़ शनिवार रात कंधमाल जिले के बालीगुडा पुलिस सीमा के अंतर्गत कंबेरिकिया जंगल के अंदर हुई। गोलीबारी में जिला स्वैच्छिक बल (डीवीएफ) का एक जवान भी गोली लगने से घायल हो गया और उसे बेरहामपुर के एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सूत्रों ने बताया कि कंधमाल जिला स्वैच्छिक बल और ओडिशा पुलिस के एसओजी जवानों ने जंगल में लाल विद्रोहियों की आवाजाही के बारे में एक खुफिया सूचना पर कार्रवाई करते हुए गहन तलाशी अभियान चलाया। जंगल के अंदर छिपे माओवादियों ने सुरक्षा बलों को देखकर गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे माओवादियों और सुरक्षा बलों के बीच भीषण गोलीबारी हुई।
नक्सली अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले। सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों को एक नक्सली का शव के साथ एक राइफल और अन्य सामग्री मिली। मृतक माओवादी की पहचान दसरू निवासी छत्तीसगढ़ के रूप में हुयी। वह कालाहांडी-कंधमाल-बौध-नयागढ़ डिवीजन के डिवीजनल कमेटी सदस्य था।
पुलिस सूत्रों ने कहा कि उसके खिलाफ कंधमाल और बौध जिलों के विभिन्न पुलिस स्टेशनों में हत्या, लूटपाट और आगजनी के अलावा सुरक्षा बलों पर हमले सहित 20 आपराधिक मामले लंबित हैं। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने क्षेत्र से उग्रवादियों को खदेड़ने के लिए तलाशी अभियान तेज कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *