गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

कश्मीर में मौसम में सुधार, बहाल हुयी उड़ान सेवा

श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर में मौसम में सुधार होने पर श्रीनगर हवाई अड्डे पर सोमवार को उड़ान संचालन और हिमपात से प्रभावित श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग पर यातायात सेवा बहाल कर दिया गया। गौरतलब है कि खराब मौसम के कारण रविवार को श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सभी उड़ानें रद्द कर दी गयी थीं। श्रीनगर हवाई अड्डे के निदेशक जावीद अंजुम ने कहा कि आज उड़ान संचालन सामान्य है। मौसम में सुधार के बाद श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात भी बहाल कर दिया गया है।
यातायात अधिकारियों ने हालांकि कहा कि विभिन्न स्थानों पर मौसम की स्थिति खराब होने के कारण नाशरी और बनिहाल के बीच जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर धीमी गति से वाहनों की आवाजाही हो रही है। सड़क पर हिमपात के कारण लद्दाख को जोड़ने वाली श्रीनगर-सोनमर्ग-गुमरी राजमार्ग अभी भी बंद है। इस बीच, श्रीनगर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा कि पिछले 24 घंटों के दौरान श्रीनगर में क्रमशः 3.2 सेमी हिमपात और 3.0 मिमी बारिश हुयी। वहीं पहलगाम में 5.7 सेमी, कोकेरनाग में 6.7 सेमी और गुलमर्ग में 5.0 सेमी हिमपात हुआ।
श्रीनगर में न्यूनतम तापमान पिछली रात के शून्य से नीचे 0.7 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले आज शून्य 0.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन के 8.9 डिग्री सेल्सियस से 5.9 डिग्री सेल्सियस कम था। काजीगुंड का आज न्यूनतम तापमान पिछले दिन के शून्य से नीचे 2.2 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले शून्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस नीचे और कोकेरनाग में शून्य से नीचे 2.4 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले शून्य से नीचे 3.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
पहलगाम में न्यूनतम तापमान पिछली रात शून्य से नीचे 3.5 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले शून्य से नीचे 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पर्यटन स्थल पहलगाम में तापमान सामान्य से 5.7 डिग्री सेल्सियस कम रहा। कुपवाड़ा का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 0.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और उत्तरी कश्मीर के सीमांत कश्मीर जिले के लिए यह सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, उत्तरी कश्मीर के प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट में तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस कम रहा। मौसम कार्यालय ने कहा कि आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और अलग-अलग ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। जबकि छह से 13 फरवरी तक मौसम शुष्क रहेगा। विभाग ने कहा कि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट आने की उम्मीद है और आज शाम कश्मीर में कई जगहों और जम्मू में कुछ जगहों पर शीतलहर जैसी स्थिति बनने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *