हैदराबाद : तेलंगाना के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रविवार शाम एक सब-इंस्पेक्टर (एसआई) और एक अन्य व्यक्ति को 20 हज़ार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। एसीबी की ओर से सोमवार को जारी बयान में यह जानकारी दी गयी। उन्होंने बताया कि महबूबनगर जिले में मोहम्मदाबाद थाने के पुलिस उप-निरीक्षक डी. सुरेश ने मोहम्मद इस्म और मोहम्मद मूसा के जरिये शिकायतकर्ता इसी जिले के पागीड्याल निवासी कृष्णा रेड्डी से 20,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी। रेड्डी ने रविवार शाम करीब पौने सात बजे यह रकम एसआई को दी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने अपने परिवार के सदस्यों, खास तौर पर छोटे बेटे को उत्पीड़न से बचाने के लिए रिश्वत दी थी, जिसके खिलाफ मोहम्मदाबाद थाने में मामला दर्ज है। रेड्डी ने अपने बेटे को जमानत भी दिलानी थी। रिश्वत की रकम मोहम्मद मूसा के कब्जे से बरामद कर ली गई है और उसके दोनों हाथों की उंगलियों पर रासायनिक परीक्षण से सकारात्मक परिणाम मिले।
परिणामस्वरूप, सुरेश और मोहम्मद मूसा को गिरफ्तार किया गया और नामपल्ली प्रथम अतिरिक्त विशेष न्यायाधीश के समक्ष पेश किया गया। तीसरा आरोपी मोहम्मद इस्म फरार है।
एसआई रिश्वत लेते गिरफ्तार
