गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

झारखंड विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

रांची : झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र की कार्यवाही मंगलवार को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। कथित जमीन घोटाले में पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद चंपई सोरेन के नेतृत्व में बनी नई सरकार ने विशेष सत्र में विश्वास मत हासिल कर लिया। फ्लोर टेस्ट में सत्तापक्ष के समर्थन में 47 और विरोध में 29 वोट मिले। तीन सदस्य अनुपस्थित रहे और एक सदस्य तटस्थ रहे। विधानसभा के विशेष सत्र के दूसरे दिन आज राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को सदन ने भाजपा सदस्यों के सभा से बहिर्गमन के बीच ध्वनिमत से पारित कर दिया।
मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने कहा कि जो विकास का खाका हेमंत बाबू ने खींचा था, उस पर ही काम आगे बढेगा। राज्य के आदिवासी, दलित, मूलवासियों के सामाजिक, आर्थिक विकास के लिए, भूमि पुत्रों के लिए विशेष योजना जो बनी, उसे ही आगे बढाएंगे।
धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के बाद सरकार की ओर से संसदीय कार्यमंत्री आलमगीर आलम ने जवाब दिया। श्री आलम ने कहा कि आपने हम पर विश्वास किया है, हम आपको निराश नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि चंपई सोरेन के गठित नई सरकार हेमंत सोरेन के कार्यों को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि झारखंड अलग राज्य का गठन बीजेपी ने नहीं किया, अगर बिहार सरकार प्रस्ताव नहीं भेजती तो अलग झारखंड नहीं बनता। इसके कांग्रेस के 11 मंत्रियों ने इस्तीफा दिया था। उस वक्त झारखंड क्षेत्र के 11 कांग्रेस विधायक बिहार सरकार में थे। अलग झारखंड राज्य के गठन में हमारा सबसे बड़ा योगदान था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *