गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

राजस्व पटवारी के खिलाफ रिश्वत लेने का मामला दर्ज

चंडीगढ़ : पंजाब सतर्कता ब्यूरो (वीबी) ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अपने अभियान के दौरान, फिरोजपुर जिले के राजस्व हलका फिरोजशाह में तैनात राजस्व पटवारी सनी शर्मा के खिलाफ तीन हजार रुपये की रिश्वत लेने और पेटीएम ऐप के माध्यम से दो हजार रुपये और मांगने के आरोप में भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया है।
वीबी के प्रवक्ता ने बुधवार को यहां यह खुलासा करते हुये कहा कि उक्त आरोपी के खिलाफ यह मामला मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार विरोधी कार्रवाई लाइन पर गांव सैदोके, जिला फरीदकोट के निवासी रछपाल सिंह द्वारा दर्ज की गयी एक ऑनलाइन शिकायत पर दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उपरोक्त पटवारी ने उसके बहनोई की कृषि भूमि के स्वामित्व के संबंध में राजस्व रिकॉर्ड में संशोधन करने के लिए पांच रुपये की रिश्वत की मांग की थी, जिसे उसके पूर्ववर्ती द्वारा धोखाधड़ी से बदल दिया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि उक्त पटवारी ने पहले ही उनसे रिश्वत के रूप में तीन हजार रुपये ले लिये थे और दो हजार रुपये की दूसरी किस्त उनके पेटीएम खाते पर देने के लिये कहा था। शिकायतकर्ता ने उक्त पटवारी द्वारा रिश्वत लेने के लिये की गयी मांग की रिकॉर्डिंग भी बनायी है और सबूत के तौर पर वीबी को सौंपी है।
इस संबंध में वीबी रेंज फिरोजपुर ने शिकायत की जांच की और आरोपों को सही पाया। इस रिपोर्ट के आधार पर उपरोक्त आरोपियों के खिलाफ वीबी पुलिस स्टेशन फिरोजपुर रेंज में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *