गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

पश्चिम रेलवे ने टिकट जांच अभियानों से वसूले 141 करोड़

अहमदाबाद : पश्चिम रेलवे ने अप्रैल 2023 से जनवरी 2024 के दौरान गहन टिकट जांच अभियानों से जुर्माने के रूप में 141 करोड़ रुपये से अधिक वसूल किये हैं। मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी की ओर से बुधवार को यहां जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पश्चिम रेलवे पर सभी वैध यात्रियों को आरामदायक यात्रा और बेहतर सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए मुंबई उपनगरीय लोकल ट्रेनों, मेल/एक्सप्रेस के साथ-साथ पैसेंजर ट्रेनों और हॉलिडे स्पेशल ट्रेनों में बिना टिकट/अनियमित यात्रियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार गहन टिकट जांच अभियान चलाए जा रहे हैं।

पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ वाणिज्‍य अधिकारियों के पर्यवेक्षण में अत्यधिक अनुभवी टिकट जांच टीम द्वारा अप्रैल 2023 से जनवरी 2024 तक कई टिकट जांच अभियान चलाए गए, जिससे 141.50 करोड़ रुपये की प्राप्ति की गई जिसमें मुंबई उपनगरीय खंड से प्राप्‍त 37.55 करोड़ रुपये भी शामिल है।
जनवरी 2024 के दौरान बिना बुक किए सामान के मामलों सहित 2.28 लाख बिना टिकट/अनियमित यात्रियों से 13.07 करोड़ रुपये की राशि वसूल की गई। इसके अलावा जनवरी महीने में पश्चिम रेलवे ने मुंबई उपनगरीय खंड पर लगभग 94 हजार मामलों का पता लगाकर चार करोड़ रुपये का जुर्माना प्राप्‍त किया। एसी लोकल ट्रेनों में अनधिकृत यात्रा को रोकने के लिए नियमित औचक टिकट जांच अभियान चलाए जाते हैं।

इन अभियानों के परिणामस्वरूप अप्रैल 2023 से जनवरी 2024 के दौरान 51000 से अधिक अनधिकृत यात्रियों पर जुर्माना लगाया गया है और जुर्माने के रूप में 170.74 लाख रुपये वसूल किये गये, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में लगभग 38 प्रतिशत अधिक है। पश्चिम रेलवे ने आम जनता से हमेशा उचित और वैध टिकट के साथ यात्रा करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *