श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग और पहलगाम पर्यटन स्थल लगातार तीसरे दिन घाटी के सबसे ठंडा स्थल रहे। श्रीनगर मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा कि दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में कल रात न्यूनतम तापमान शून्य से 10.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पहले शून्य से काम 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। पहलगाम में न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 6.2 डिग्री नीचे रहा।
बारामूला जिले के गुलमर्ग के स्की रिसॉर्ट में न्यूनतम तापमान शून्य से नौ डिग्री सेल्सियस नीचे था, जो सामान्य से लगभग 6.7 डिग्री कम था। बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात को गुलमर्ग का न्यूनतम तापमान शून्य से 12 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया और दक्षिण कश्मीर के काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
सीमांत जिले कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। जम्मू संभाग में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहा और बीती रात का तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के श्रीनगर केंद्र के निदेशक मुख्तार अहमद ने कहा कि 17 फरवरी तक मौसम शुष्क रहेगा और 14 फरवरी की शाम को कभी-कभी बादल छाए रहने का अनुमान है। उन्होंने कहा, ‘अठारह से 20 फरवरी तक हल्की से मध्यम बारिश और हिमपात के आसार हैं।’
