गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

एसटीएफ ने दो स्थानों से नशीले पदार्थ किए बरामद

देहरादून : उत्तराखंड सरकार के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के अंतर्गत, विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने पिछले चौबीस घंटे में दो विभिन्न स्थानों से बड़ी मात्रा में अवैध स्मैक और चरस बरामद की है। इस मामले में तीन तस्कर भी गिरफ्तार किए गए हैं। बरामद नशीले पदार्थ की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक करोड़ रुपए से अधिक आंकी गई है।
एसटीएफ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) आयुष अग्रवाल ने शनिवार को यहां बताया कि पहले मामले में कुमाऊं एसटीएफ की टीम में पुलिस उपाधीक्षक सुमित पांडे एवं निरीक्षक एमपी सिंह के नेतृत्व में शूक्रवार को एसटीएफ तथा एएनटीएफ टीम द्वारा थाना खटीमा पुलिस को साथ लेकर जनपद उधम सिंह नगर के थाना खटीमा क्षेत्रातर्गत दो अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार कर, उनसे करीब एक किग्रा छह ग्राम अवैध स्मैक बरामदगी की गयी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार तस्कर पिछले कई सालों से उत्तराखंड में स्मैक की सप्लाई कर रहे थे।
श्री अग्रवाल ने गिरफ्तार तस्करों के हवाले से बताया कि उन्हें यह स्मैक बरेली से खरीद कर खटीमा में नेपाल की एक पार्टी को बेचना था। गिरफ्तार तस्कर बरेली (उत्तर प्रदेश) में अलीगंज के रहने वाले हैं और लम्बे समय से ड्रग की तस्करी कर रहे थे। उन्होंने बताया कि इनके द्वारा बरामद ड्रग बरेली के ही एक बड़े ड्रग डीलर से लायी गयी है। जिसकी पूरी जानकारी टीम द्वारा जुटा ली गयी है। जिन पर एसटीएफ आगे कार्य करेगी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार तस्करों में सगीर अहमद पुत्र कल्लू खां, निवासी ग्राम महोलिया, थाना अलीगंज, जनपद बरेली, उत्तर प्रदेश, उम्र 30 वर्ष और बाबू पुत्र मुनव्वर, निवासी ग्राम महोलिया, थाना अलीगंज, जनपद बरेली, उत्तर प्रदेश, उम्र 37 वर्ष है।
इसके साथ ही एसपी, एसटीएफ ने बताया कि आज उनकी एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने निरीक्षक नीरज चौधरी की अगुवाई में कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्रांतर्गत, बस अड्डे स्थित राम तीर्थ टूर एंड ट्रेवल्स के सामने सड़क से अभियुक्त प्रह्लाद लाल पुत्र दीनदयाल, निवासी ग्राम श्रीगांव धोतरी, जिला उत्तरकाशी, उम्र 34 वर्ष को पिकअप संख्या यूके 10सीए 1084 से 1 किलो 500 ग्राम अवैध चरस परिवहन करते हुए गिरफ़्तार किया गया। उन्होंने बताया कि अभियुक्त ने पूछताछ में बताया कि वह यह चरस अपने गांव धौंतरी से ऋषिकेश बेचने लाया था।
श्री अग्रवाल ने बताया कि दोनो टीमों को उनकी ओर से दस-दस हजार रुपए का पुरस्कार घोषित किया गया है। तीनों अभियुक्तों को एनडीपीएस एक्ट की सबंधित धाराओं में निरुद्ध कर, आज ही न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में क्रमश: जिला कारागार, नैनीताल और देहरादून भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *