गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

एसडीओ, राजस्व लेखाकार रिश्वत लेते गिरफ्तार

चंडीगढ़ : पंजाब सतर्कता विभाग ने बुधवार को पंजाब राज पावर कार्पोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) के कार्यालय भवानीगढ़, संगरूर जिले में तैनात एसडीओ हरबंस सिंह और राजस्व लेखाकार (आरए) खुशवंत सिंह को तीस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुये गिरफ्तार किया। विजीलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने आज यहां यह खुलासा करते हुये कहा कि बिजली विभाग के अधिकारियों को भवानीगढ़ में राइस शैलर चलाने वाले हैप्पी शर्मा की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता ने विजीलेंस ब्यूरो रेंज पटियाला से संपर्क किया और आरोप लगाया है कि उपरोक्त अधिकारी उसके राइस शैलर के पावर लोड अंतर के कारण लगाए गए लगभग 3.5 लाख रुपये के जुर्माने को निपटाने के बदले में 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहे थे।

इस शिकायत की प्रारंभिक जांच करने के बाद, पटियाला रेंज की एक विजीलेंस ब्यूरो टीम ने जाल बिछाया और दो सरकारी गवाहों की उपस्थिति में शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुये उक्त दोनों आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। उन्होंने बताया कि इस संबंध में भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत विजीलेंस ब्यूरो पुलिस स्टेशन, पटियाला रेंज में मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *