16 फरवरी को पूर्ण चक्का जाम- सिवाच।
चंडीगढ़ : हरियाणा रोड़वेज सांझा मोर्चा ने बुधवार दावा किया है कि 16 फरवरी को रोड़वेज की बसों का पूर्ण चक्का जाम रहेगा। हड़ताल की तैयारियों को मुक्कमल करने को लेकर आज राज्य भर में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें सभी चालक, परिचालक, क्लेरिकल और वर्कशॉप के साथियों से हस्ताक्षर कराकर हड़ताल में भागीदारी करने की अपील की। मोर्चा के नेताओं ने दावा
किया है कि कर्मचारियों ने विश्वास दिलाया कि 16 फरवरी को पूर्ण रूप से रोड़वेज का चक्का जाम रहेगा। मोर्चा के वरिष्ठ नेता जयवीर घनघस, वीरेंद्र सिंगरोहा, नरेन्द्र दिनोद, सुमेर सिवाच, विनोद शर्मा, जगदीप लाठर, अमित मेहराणा, संजीव कुमार, सुशील कुमार, मनोज चहल, सुरेंद्र कुमार, बलराज देशवाल और आजाद यादव ने यहां जारी बयान में बताया कि सरकार द्वारा बार-बार की जा रही वादाखिलाफी और टरकाऊ रवैये से कर्मचारियों में भारी रोष है।
सरकार और विभाग के उच्चाधिकारी रोड़वेज कर्मचारियों की मांगों के लिये गंभीर नहीं हैं। सांझा मोर्चा के उक्त नेताओं ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा अपने स्वार्थ के लिये भारतीय जनता पार्टी( भाजपा) की रैली में हरियाणा रोडवेज की बसों का प्रयोग करना सीधे तौर पर सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग है। हरियाणा की जनता को होने वाली असुविधाओं को नजरंदाज करना सरकार की संवेदनहीनता का भंडाफोड़ करता है।
उन्होंने कहा कि 16 फरवरी के मौके पर किसान आंदोलन और आम हड़ताल के कारण जगह-जगह रास्ते जाम होने की आशंका है, इसलिए रोडवेज की बसों को रैलियों में इस्तेमाल करने पर रोक लगायी जाये। सांझा मोर्चा ने कहा कि इस अवसर पर सरकार चालकों- परिचालकों को जबरदस्ती ड्यूटी पर भेजने की कोशिश न करें। इस मौके पर किसी प्रकार की दुर्घटना के जिम्मेवार सरकार या सरकार के उच्च अधिकारी होंगे।
