गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

जल जीवन मिशन के तहत 100 प्रतिशत घरों में पहुंचा पानी

ईटानगर : अरुणाचल प्रदेश में केंद्र प्रायोजित जल जीवन मिशन (जेजेएम) के तहत 100 प्रतिशत घरों में नल जल का कनेक्शन पहुंच गया है और इसके साथ ही राज्य ‘हर घर जल’ की शत प्रतिशत पहुंच हासिल करने वाला पूर्वोत्तर का पहला तथा देश का 10वां राज्य बन गया है। आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने एक बयान में कहा, “अरुणाचल प्रदेश ने जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल की 100 प्रतिशत पहुंच दर्ज कर ली है और हमारे सामूहिक प्रयासों से यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल हुई है। यह अपने लिए निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने में टीम अरुणाचल के पूर्ण समर्पण और प्रतिबद्धता का उदाहरण है।”
श्री खांडू ने कहा कि केंद्र के 3,96,541.22 लाख रुपये और राज्य के 45,551.18 लाख रुपये के योगदान ने यह सुनिश्चित किया है कि हमारे राज्य के हर घर में पाइप के जरिये स्वच्छ और सुरक्षित पाइप पानी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने आत्मनिर्भर अरुणाचल प्रदेश के निर्माण में हर प्रयास का मार्गदर्शन और समर्थन करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया।
श्री खांडू ने एक्स पर लिखा, “हम पूर्वोत्तर में जेजेएम को पूरी तरह से लागू करने वाले पहला राज्य बन गये हैं, हम अपने लोगों के जीवन को आसान बनाने में सर्वांगीण सुधार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उनकी सेवा की राह में आने वाली बाधाओं और चुनौतियों का सामना किया जा रहा है। टीम अरुणाचल पर गर्व है।”
ज्ञातव्य है कि श्री मोदी द्वारा 2019 में शुरू किए गए जल जीवन मिशन का लक्ष्य 2024 तक देश भर के सभी ग्रामीण परिवारों को पाइप के जरिये सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना है। इस योजना में सरकारी स्कूलों, ग्राम पंचायत कार्यालयों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और आंगनवाड़ी केंद्रों को भी कवर करने की परिकल्पना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *