कोलकाता : शुभेंदु अधिकारी सदन से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पांच विधायकों के निलंबन के खिलाफ विधानसभा के बरामदे में धरना देने के बाद गुरुवार को तीन विधायकों के साथ उत्तर 24 परगना के संकटग्रस्त क्षेत्र संदेशखाली के लिए रवाना हो गये। संदेशखाली और उसके आसपास लगभग 19 स्थानों पर निषेधाज्ञा लागू है। कलकत्ता उच्च न्यायालय के पूरे संदेशखाली में निषेधाज्ञा रद्द करने के एक दिन बाद बुधवार को 19 स्थानों पर इसे लागू किया गया।
अधिकारी ने संदेशखाली के लिए बस में सवार होने से पहले संवाददाताओं से कहा, “मैं कानून का पालन करने वाला नागरिक हूं और चार अन्य विधायकों के साथ स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने के लिए संदेशखाली आया हूं, जिन्हें सत्तारूढ़ तृणमूल के गुंडों के अत्याचार और यौन उत्पीड़न का शिकार होना पड़ा है।”
यह पूछे जाने पर कि क्या पुलिस ने उन्हें संदेशखाली जाने से रोका है, जैसा कि कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने बुधवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार के साथ किया था, श्री अधिकारी ने कहा, “हम अपना काम करेंगे और पुलिस अपना काम करेगी।”
शुभेंदु तीन भाजपा विधायकों के साथ संदेशखाली के लिए रवाना
