चंडीगढ़ : दिल्ली कूच के आह्वान के तहत आन्दोलनरत किसानों पर पंजाब से लगती शंभू और खनौरी सीमा पर हरियाणा पुलिस के ड्रोन से आँसू गैस के गोले दागने, लाठीचार्ज और रबड़ की गोलियां चलाने की कार्रवाई में 150 से अधिक किसान घायल हुये हैं, जिनमे छह की हालत गंभीर है। यह जानकारी आज संयुक्त किसान मोर्चा की तरफ से अवतार सिंह महिमा ने एक बयान में दी। उन्होंने बताया कि घायलों का पटियाला और राजपुरा के अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
हरियाणा सरकार की इस कार्रवाई के विरोध में किसान संगठनों ने आज पंजाब में “रेल रोको” किया और टोल नाकों पर प्रदर्शन भी किया। मोर्चा के बयान के अनुसार किसान संगठनों के प्रतिनिधीय की एक बैठक 18 फरवरी को लुधियाना में बुलायी गयी है जिसमें आंदोलन की अगली रणनीति तय की जायेगी। आज की बैठक में सभी से शुक्रवार के किसान-मजदूरों के “ग्रामीण भारत बंद” आंदोलन को सफल बनान का आह्वान भी किया गया।
