मुख्य आरोपी के मोबाइल की तलाश तेज
श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पंजाब के दो श्रमिकों की हत्या में कथित संलिप्तता के लिए एक स्थानीय आतंकवादी और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किए जाने के दो दिन बाद गुरुवार को नौसेना के विशिष्ट समुद्री कमांडो मार्कोस के साथ मिलकर पानी में तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि उसके सेलफोन और उसके द्वारा श्रीनगर के जलाशय में फेंकी गई अन्य आपत्तिजनक सामग्री का पता लगाने और उन्हें बरामद करने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है।
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने दो दिन पहले बताया कि उन्होंने श्रीनगर के निवासी आदिल मंज़ूर लंगू को गिरफ्तार किया है, जो सात फरवरी को दो पंजाबी प्रवासी श्रमिकों – अमृतपाल सिंह और रोहित मसीह की हत्या में शामिल था। पुलिस ने बताया था कि अपराध को अंजाम देने के लिए उसके द्वारा इस्तेमाल की गयी पिस्तौल भी बरामद कर ली गई है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि हालांकि आगे की पूछताछ के दौरान आदिल ने जांचकर्ताओं को बताया कि उसने हमले के बाद श्रीनगर में अली जान रोड पर दो स्थानों पर अपना सेलफोन और अन्य आपत्तिजनक सामग्री एक जलाशय में फेंक दी थी।
सूत्रों ने कहा, “इस खुलासे के बाद और मार्कोस द्वारा उसके मोबाइल और अन्य आपत्तिजनक सामग्रियों का पता लगाने के लिए जल निकाय में तलाशी शुरू की गई है।” उन्होंने आगे कहा, “यह सामग्री मामले में आगे की जांच के लिए महत्वपूर्ण है।”
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, विजय कुमार ने उसकी गिरफ्तारी के बाद कहा था कि आदिल को पाकिस्तान स्थित आकाओं ने ऑनलाइन कट्टरपंथी बनाया था। श्री कुमार ने मंगलवार को श्रीनगर में संवाददाताओं से कहा, “यदि आप आदिल मंज़ूर की पृष्ठभूमि खंगालें, तो न तो उसकी और न ही उसके परिवार की आतंकवाद की कोई पिछली पृष्ठभूमि रही है। उसे पाकिस्तानी आकाओं द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से प्रेरित और कट्टरपंथी बनाया गया है।” श्री कुमार ने दावा किया कि आदिल नियमित रूप से मस्जिद में नमाज अदा करता था और उसका झुकाव इस्लाम के अहली हदीस संप्रदाय की ओर है।
